राजस्थान/ कोटपूतली: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले में होटल में कमरा देने को लेकर शुरू हुआ विवाद बड़े हंगामे में बदल गया। शुक्रवार सुबह 10 से ज्यादा बदमाशों ने कोटपूतली स्थित होटल प्रिंस में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने होटल कर्मचारियों के साथ मारपीट की और परिसर में जमकर तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। उनके शीशे तोड़ दिए गए।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, होटल मैनेजर ने आरोप लगाया है कि हमलावर करीब ढाई लाख रुपये भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अब तक इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। होटल में हुई पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
बिना ID कमरा देने से मना करने पर शुरू हुआ विवाद
होटल मैनेजर मान सिंह के मुताबिक, गुरुवार (12 नवंबर) रात करीब 10 बजे चार से पांच युवक होटल में कमरा लेने पहुंचे थे। जब होटल कर्मचारियों ने उनसे पहचान पत्र (आईडी) मांगा तो उन्होंने डॉक्युमेंट्स देने से इनकार कर दिया।इसी बात को लेकर युवकों और होटल स्टाफ के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ती देख होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे दो युवकों को अपने साथ थाने ले गई। वहीं, बाकी युवक वहां से चले गए। होटल कर्मचारियों को लगा कि मामला शांत हो गया है, लेकिन कुछ घंटे बाद फिर से परेशानी खड़ी हो गई।
सुबह साथियों के साथ लौटे आरोपी, होटल में की तोड़फोड़
होटल मैनेजर का आरोप है कि रात में हुए विवाद के करीब सात घंटे बाद कुछ युवक अपने साथियों के साथ वापस होटल पहुंचे। शुक्रवार (13 नवंबर) सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच 10 से ज्यादा लोगों ने होटल में घुसकर हमला कर दिया। आरोपियों ने होटल में मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की। इसके बाद उन्होंने होटल के अलग-अलग हिस्सों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों ने होटल की पार्किंग में खड़ी कारों को भी नहीं छोड़ा और उनके शीशे तोड़ दिए। इस घटना में होटल को काफी नुकसान पहुंचा है। होटल प्रबंधन के अनुसार, तोड़फोड़ के दौरान एक-दो लोगों को चोटें भी आई हैं। मैनेजर ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर होटल से करीब ढाई लाख रुपये लेकर फरार हो गए।
होटल में हुए इस हंगामे की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में हमले और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियां दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल कर रही है। होटल स्टाफ का कहना है कि हमले में शामिल लोगों को वे पहले से नहीं जानते थे। लेकिन, होटल में रात को हुए विवाद और सुबह हुए हमले के बीच संबंध होने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में कौन-कौन शामिल था और विवाद के पीछे क्या वजह रही।
पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही सरुंड थाना पुलिस होटल पहुंची और मौके का जायजा लिया। पुलिस ने होटल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। सरुंड SHO यशपाल सिंह ने बताया कि होटल में तोड़फोड़ की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मामले में अब तक कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पैसों के शक में खूनी वारदात! साले ने जीजा को चाकू से मार डाला, बीच-बचाव करने आई बहन पर भी हमला


Download Android App
Download iOS App




