पैसों के शक में खूनी वारदात! साले ने जीजा को चाकू से मार डाला, बीच-बचाव करने आई बहन पर भी हमला

Summary :

राजस्थान के कोटा में अस्पताल के ICU के बाहर पैसों के विवाद में जीजा की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि साले कपिल जैन ने चाकू से हमला कर मौलिक जैन की जान ले ली। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी भी घायल हो गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

राजस्थान/कोटा: राजस्थान के कोटा में अस्पताल के अंदर हुए एक पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक घटना का रूप ले लिया। दरअसल, अपनी बीमार सास को देखने अस्पताल पहुंचे 39 वर्षीय मौलिक जैन की जान चली गई। आरोप है कि उनके ही साले ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मौलिक की पत्नी भी घायल हो गईं। घटना गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे अस्पताल की दूसरी मंजिल पर मेडिसिन ICU के बाहर हुई। पुलिस ने आरोपी कपिल जैन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना के पीछे लंबे समय से चल रहा पैसों का विवाद बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  मौलिक जैन अपनी पत्नी के साथ सास को देखने अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान वहां उनका साला कपिल जैन भी मौजूद था। अस्पताल की दूसरी मंजिल पर ICU के बाहर दोनों का आमना-सामना हो गया। बातचीत के दौरान पुराने विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच आर्थिक मदद को लेकर पहले से तनाव चल रहा  था। आरोप है कि कपिल को शक था कि उसके पिता मौलिक को पैसे देते हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कपिल ने चाकू निकालकर मौलिक के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण मौलिक की मौके पर ही मौत हो गई।

कई महीनों से चल रहा था पैसों को लेकर विवाद

मौलिक पर हमला होते देख उनकी पत्नी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। वह अपने भाई कपिल को रोकना चाहती थीं, लेकिन आरोप है कि कपिल ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में महिला को हल्की चोट आई है। अस्पताल में अचानक हुई इस घटना से मरीजों और वहां मौजूद लोगों में डर और अफरा-तफरी फैल गई। सूचना मिलते ही दादाबाड़ी थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और कपिल जैन को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मौलिक और कपिल के बीच काफी समय से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। अगस्त में भी कपिल ने फोन पर मौलिक को धमकी दी थी। इसके बाद वह उनके घर पहुंचकर हंगामा भी कर चुका था। उस समय पुलिस ने उसे शांतिभंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में परिवार के लोगों ने दोनों के बीच सुलह कराने की कोशिश की। करीब एक महीने पहले परिवार ने दोनों को साथ बैठाकर समझाया भी था। हालांकि, इसके बावजूद उनके बीच चल रहा पुराना विवाद खत्म नहीं हुआ और एक बार फिर दोनों के बीच झगड़ा हो गया।

सड़क हादसे में घायल हुई थीं मौलिक की सास

वहीं, मौलिक के चचेरे भाई सुमित जैन ने बताया कि बुधवार रात परिवार के बुजुर्ग बाइक से कोटा बैराज की पुलिया की ओर से घर लौट रहे थे। रास्ते में स्पीड ब्रेकर आने पर बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों सड़क पर गिर गए। इस हादसे में मौलिक की सास के सिर में गंभीर चोट आई। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।गुरुवार सुबह मौलिक अपनी पत्नी के साथ सास को देखने अस्पताल पहुंचे थे। उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि अस्पताल का यह दौरा उनके परिवार के लिए इतनी बड़ी दुखद घटना बन जाएगा।

मौलिक जैन अपने परिवार का पुराना ज्वेलरी कारोबार संभालते थे। वह कोटा के तलवंडी इलाके में रहते थे। उनकी दो छोटी बेटियां हैं। बड़ी बेटी करीब चार साल की है, जबकि छोटी की उम्र सिर्फ एक साल है। इस घटना के बाद दोनों बच्चियों ने अपने पिता को खो दिया है। मौलिक के पिता का भी करीब एक साल पहले निधन हो गया था। उनका छोटा भाई नागपुर में नौकरी करता है और बहन मलेशिया में रहती है। वहीं, आरोपी कपिल जैन आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकान चलाता है।

अस्पताल की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वारदात अस्पताल की दूसरी मंजिल पर ICU के बाहर हुई, जहां मरीजों और उनके परिजनों की आवाजाही रहती है। बताया जा रहा है कि घटना के समय आसपास लगे CCTV कैमरे बंद थे।

ऐसे में सवाल उठ रहा है कि अस्पताल के अंदर चाकू कैसे पहुंचा? जब दो लोगों के बीच विवाद बढ़ रहा था, तब सुरक्षा कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई? CCTV कैमरे काम क्यों नहीं कर रहे थे?

यह भी पढ़ें: कौन था हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया? भीड़भाड़ वाले इलाके में बदमाशों ने घेरकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।