आखिर चमोली में कब थमेगा भालुओं का आतंक? सड़कों पर उतरे सैकड़ों ग्रामीण, जानें पूरा मामला

Summary :

उत्तराखंड के चमोली जिले में भालुओं के बढ़ते हमलों से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने पोखरी में जनाक्रोश रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों ने वन्यजीव संरक्षण कानून में बदलाव और मुआवजे की मांग की। डीएफओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने 10 दिनों के लिए भूख हड़ताल स्थगित कर दी।

उत्तराखंड/ चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले में जंगली भालुओं के लगातार बढ़ते हमलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पोखरी तहसील के कई गांवों में भालुओं की आवाजाही से लोग डरे हुए हैं। ग्रामीणों के लिए घर से बाहर निकलना और अपने मवेशियों की देखभाल करना भी मुश्किल हो गया है। भालुओं के हमलों और पशुओं को हो रहे नुकसान से परेशान ग्रामीणों ने अब सरकार और वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को इस समस्या को लेकर पोखरी में सैकड़ों ग्रामीणों ने रैली निकाली। इसमें किसान, स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने वन्यजीव संरक्षण कानून में बदलाव करने और भालुओं के हमलों से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

पोखरी में निकाली गई जनाक्रोश रैली

ग्रामीणों ने पोखरी बस स्टैंड के पास गोल मार्केट से विरोध रैली शुरू की। इसके बाद रैली विनायकधार टावर तक पहुंची। इस दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर वन विभाग और सरकार के खिलाफ नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि जंगली जानवरों के हमलों से उनकी सुरक्षा को खतरा है, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई पक्का समाधान नहीं निकाला गया है।

लोगों ने ‘हमारी रक्षा करो’ और ‘वन्यजीव संरक्षण कानून में बदलाव करो’ जैसे नारे लगाए। विनायकधार चौराहे पर पहुंचकर रैली जनसभा में बदल गई। यहां ग्रामीणों ने अपनी परेशानियां बताईं और प्रशासन से जल्द कदम उठाने की मांग की।

11 दिन के आंदोलन के बाद 10 दिनों के लिए भूख हड़ताल स्थगित

  • भालुओं के बढ़ते हमलों के विरोध में पोखरी तहसील मुख्यालय पर ग्रामीण 2 नवंबर से भूख हड़ताल कर रहे थे। आंदोलन के 11 दिन पूरे होने के बाद केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के DFO राजन सुमन प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
  • उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों से बातचीत की और उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। DFO के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल 10 दिनों के लिए भूख हड़ताल रोकने का फैसला किया।
  • DFO ने कहा कि जिन गांवों में भालुओं के हमले ज्यादा हो रहे हैं, वहां खास इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने आक्रामक भालुओं को मारने की परमिशन  के लिए राज्य सरकार को पत्र लिखने की बात कही।
  • इसके साथ ही प्रभावित इलाकों में पिंजरों की संख्या बढ़ाने और वन विभाग के कर्मचारियों की तैनाती मजबूत करने का भी आश्वासन दिया।

घायल महिला के परिवार को मिलेंगे 5 लाख रुपये

  • प्रदर्शन के दौरान DFO ने एक अन्य राहत से जुड़ी जानकारी भी शेयर की।
  • उन्होंने बताया कि करीब एक साल पहले पव गांव में भालू के हमले में घायल हुई महिला के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद मंजूर की गई है।
  • ग्रामीणों की मांग है कि भालुओं के हमलों में घायल होने वाले लोगों और जान गंवाने वाले परिवारों को सही  मुआवजा मिले। साथ ही, जिन लोगों के मवेशियों को नुकसान पहुंचा है, उन्हें भी आर्थिक मदद दी जाए।

भालुओं के हमलों की 13 घटनाओं से बढ़ी चिंता

पोखरी क्षेत्र में भालुओं की समस्या कितनी गंभीर हो चुकी है, इसका अंदाजा हाल के हादसों से लगाया जा सकता है। बीते 3 सितंबर को सिदेली गांव में भालू के हमले के दौरान पहाड़ी से गिरने के कारण दो महिलाओं की मौत हो गई थी। दोनों महिलाएं देवरानी-जेठानी थीं।

इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भी भालुओं की गतिविधियां सामने आई हैं। कंदाई चंद्रशिला, रडुवा, जौरासी, किमोठा, डुंगर, बागथल, भिकोना और खन्ना सहित कई गांवों में भालुओं के हमले और गौशालाओं को नुकसान पहुंचाने की कम से कम 13 घटनाएं दर्ज की गई हैं।

यह भी पढ़ें: स्वदेशी जागरण मंच ने मनाई दत्तोपंत ठेंगड़ी की जयंती, स्वदेशी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का लिया संकल्प

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।