छठ पूजा के पहले दिन नहाय-खाय पर बिहार के कटिहार जिले में सड़क हादसा हो गया। मनिहारी फोरलेन पर गंगा घाट की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े बालू से लदे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और कार चालक घायल हो गया। घटना के बाद से मृतकों के परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गई।
पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत
IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कटिहार के बैगना का एक परिवार अपने पड़ोसियों के साथ छठ के अवसर पर गंगा स्नान करने के लिए मनिहारी जा रहा था। इस दौरान मनिहारी फोरलेन पर चालक ने कार का नियंत्रण खो दिया, जिस वजह से वो सीधा सड़क पर खड़े बालू से लदे ट्रक में घुस गई। इस हादसे में शंभू सिंह (68), उनकी पत्नी उषा सिंह (64) और मंजू रानी शाह की मौत हो गई। स्नान करने जाने से पहले जिन लोगों में खुशी का माहौल था, वो कुछ ही पल में छीन गई।
दोनों घायलों की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। तीनों मृतकों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल कटिहार भेजा गया। वहीं एक घायल बच्चे और कार चालक को तत्काल मनिहारी अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों घायलों का इलाज जारी है, लेकिन उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
‘ड्राइवर की गलती से हुआ हादसा’- परिजन
बैगना निवासी सुबोध सिंह ने बताया, “पूरा परिवार सुबह गंगा स्नान के लिए निकला था। परिवार में पति-पत्नी, पड़ोसी, एक पोता, पोती, नाती और ड्राइवर शामिल थे। सभी लोग सुबह करीब 4 बजे अपनी गाड़ी से निकले थे। हम लोग सोए हुए थे, तभी हादसे की खबर मिली। खबर मिलते ही हम लोग भागते हुए मनिहारी की ओर जा रहे थे। रास्ते में एंबुलेंस शव लेकर आती दिखी, तो हम आधे रास्ते से ही लौटकर सदर अस्पताल आ गए।
यहां आकर देखा तो सभी की मौत हो चुकी थी। हादसा ड्राइवर की गलती से हुआ। वहां एक ट्रक खड़ा था, जिसमें जाकर गाड़ी ने टक्कर मार दी। मृतक के तीन बेटे हैं, जिनमें से दो बाहर रहते हैं। अब उन्हें हवाई जहाज का टिकट भी नहीं मिल रहा है, वे कैसे आएंगे, समझ नहीं आ रहा है। यह बहुत ही दुखद घटना है।”
घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे से पूरे बैगना इलाके में शोक का माहौल है।


Download Android App
Download iOS App




