कौन था हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया? भीड़भाड़ वाले इलाके में बदमाशों ने घेरकर कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट

Summary :

जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर में गुरुवार रात हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या कर दी गई। कैंपर सवार बदमाशों ने पहले उसकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी, फिर घेरकर हमला किया। पुरानी रंजिश को वारदात की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

राजस्थान/ जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में गुरुवार रात गैंगवार की बड़ी वारदात सामने आई। करधनी थाना क्षेत्र के जगदंबा नगर में बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया की हत्या कर दी। हमलावर कैंपर गाड़ी में सवार होकर आए थे। उन्होंने पहले विजय की फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी और फिर उसे घेरकर हमला किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, विजय बाजिया मूल रूप से जोबनेर का रहने वाला था और जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। गुरुवार रात करीब 8:30 बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर कार से जोबनेर से जयपुर आ रहा था। इसी दौरान जगदंबा नगर इलाके में विरोधी गुट के बदमाशों ने उसे निशाना बनाया।

कैंपर से टक्कर मारकर रोकी फॉर्च्यूनर

विजय जब जगदंबा नगर पहुंचा, तभी कैंपर गाड़ी में सवार बदमाशों ने उसकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार रुक गई और हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बीच विजय ने गाड़ी से उतरकर भागने की कोशिश की।

विजय के कार से उतरकर भागने पर हमलावर भी उसके पीछे दौड़े और उसे पकड़ लिया। इसके बाद बदमाशों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर हमले में विजय की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कैंपर गाड़ी में बैठकर फरार हो गए।

लोगों ने बनाया घटना का वीडियो

यह पूरी घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मॉर्च्युरी में भिजवा दिया।

पुलिस की शुरुआती जांच में विजय और दूसरे गुट के बीच किसी केस को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते विरोधी पक्ष ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरे जयपुर शहर में नाकाबंदी कराई है। प्रमुख रास्तों पर गाड़ियों  की जांच की जा रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस सामने आए वीडियो के आधार पर भी हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें: जैसलमेर में गे ऐप पर दोस्ती करना कारोबारी को पड़ा भारी, 7 बदमाशों ने अगवा कर लूटे लाखों, पुलिस ने ऐसे सुलझाया मामला

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।