कुलगाम में CRPF पोस्ट पर आतंकी हमले के बाद सेना का एक्शन, बारामूला में दो हैंड ग्रेनेड बरामद, एक संदिग्ध गिरफ्तार

Summary :

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में CRPF पोस्ट पर आतंकी हमले में तीन जवान घायल हो गए। सुरक्षा एजेंसियों को लश्कर कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की भूमिका पर शक है। हमलावरों की तलाश में अभियान जारी है। वहीं, बारामूला के बदरकूट जंगलों से दो हैंड ग्रेनेड बरामद कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।

जम्मू-कश्मीर/ कुलगाम: जम्मू-कश्मीर में आतंकी गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। कुलगाम में CRPF पोस्ट पर हुए हमले के बाद दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। वहीं, बारामूला के बदरकूट जंगलों में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं और एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। कुलगाम हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट का हाथ होने का शक जताया जा रहा है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां आतंकी नेटवर्क और स्थानीय मददगारों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  बुधवार दोपहर कुलगाम में CRPF की एक पोस्ट को निशाना बनाकर आतंकियों ने गोलीबारी की थी।  हमले में तीन जवान घायल हुए हैं। इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दो हथियारबंद आतंकी पास के जंगल की तरफ से पैदल आए थे। उन्होंने CRPF पोस्ट पर फायरिंग की और इसके बाद नौपुर की ओर भाग निकले। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी। हमलावरों की तलाश के लिए दक्षिण कश्मीर के कई क्षेत्रों में अभियान चलाया जा रहा है।

लश्कर कमांडर लतीफ भट पर शक

सुरक्षा एजेंसियों को शक  है कि इस हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट  का हाथ है।  शुरुआती जांच में तीन आतंकियों के शामिल होने की बात सामने आई है। इनमें दो विदेशी आतंकवादी हो सकते हैं। लतीफ भट को लश्कर का A कैटेगरी का कमांडर बताया जाता है। वह पहले से ही सुरक्षा एजेंसियों की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल है। जांच एजेंसियां उसकी संभावित भूमिका और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बैठे आतंकियों के आकाओं से संपर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।

हमले की जांच में आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। एजेंसियों को कुछ अहम इनपुट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके आधार पर लश्कर के नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की तलाश की जा रही है। इस मामले में तीन संदिग्ध ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGW) से पूछताछ की जा रही है। जांच का मुख्य फोकस यह पता लगाना है कि आतंकियों को स्थानीय स्तर पर किसने मदद पहुंचाई। उन्हें कहां ठहराया गया और उनके लिए जरूरी सामान व दूसरी सुविधाओं का इंतजाम किसने किया, इन पहलुओं की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियों को दिवाली के आसपास संभावित आतंकी गतिविधियों को लेकर पहले भी इनपुट मिले थे।

बारामूला में एक्शन, दो हैंड ग्रेनेड बरामद

इसी बीच बारामूला पुलिस ने बदरकूट के जंगलों में तलाशी अभियान के दौरान दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में एक संदिग्ध व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि, अभियान में BSF की 112/06 बटालियन, सेना की 2 राष्ट्रीय राइफल्स और CRPF की 176वीं बटालियन ने संयुक्त रूप से हिस्सा लिया। कार्रवाई के दौरान बदरकूट, टंगमर्ग के रहने वाले गुलाम जीलानी रेशी को हिरासत में लिया गया। उसकी तलाशी लेने पर एक हैंड ग्रेनेड मिला। इसके बाद उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया दूसरा हैंड ग्रेनेड भी बरामद कर लिया गया। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है।

जांच एजेंसियों  के अनुसार, लतीफ भट का नाम इस साल हुई दो बड़ी आतंकी घटनाओं की जांच में भी सामने आया है। 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या के मामले में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है। अब CRPF पोस्ट पर हुए हमले में भी उसके शामिल होने के सुराग तलाशे जा रहे हैं। लेकिन, इस मामले में जांच पूरी होने और ठोस सबूत सामने आने का इंतजार है।

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।