लखनऊ/ दुबग्गा: लखनऊ के दुबग्गा कोतवाली क्षेत्र के यादव बाजार में स्थित एक गुटखा फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री से उठता धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।
आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री के अंदर रखा कच्चा माल, तैयार गुटखा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग से फैक्ट्री का ढांचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फैक्ट्री संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के दौरान फैक्ट्री में मौजूद लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आशंका थी कि आग आसपास की दुकानों और मकानों तक भी फैल सकती थी।
दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर भीड़ को घटनास्थल से दूर किया और यातायात व्यवस्था संभाली, ताकि दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में परेशानी न हो। वहीं, सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद भी फैक्ट्री से धुआं निकलता रहा। इसके चलते दमकलकर्मियों ने दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए काफी देर तक कूलिंग का काम किया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच जारी
फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। फैक्ट्री मालिक और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें: भैया दूज पर कैसरबाग रोडवेज चौराहे पर सुरक्षा व्यवस्था का जायज़ा, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील


Download Android App
Download iOS App




