हैदराबाद, 15 नवंबर (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने रविवार को कहा कि तेलंगाना की नींव आत्मसम्मान के सिद्धांत पर रखी गई थी लेकिन ऐसा लगता है कि कांग्रेस और भाजपा कभी इसे समझ नहीं पाएंगी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “तेलंगाना में कांग्रेस और भाजपा नेताओं में अपने पद की गरिमा बनाए रखने का गुण शायद ही देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी गांधी परिवार के अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) की तरह व्यवहार कर रहे हैं और पीसीसी अध्यक्ष व मंत्री राहुल गांधी की बाइक के पीछे किसी नौकर की तरह दौड़ रहे हैं।”
बीआरएस के नेता ने शनिवार को हैदराबाद में हुए एक कार्यक्रम के दृश्यों पर प्रतिक्रिया दी, जहां कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने ‘गिग वर्कर्स’ (असंगठित क्षेत्र के कामगारों) के साथ एक बाइक रैली निकाली थी।
रामा राव ने भाजपा के राज्य नेताओं की भी आलोचना की। पूर्व मंत्री ने लिखा, “इसी तरह, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अमित शाह के पैर छू रहे हैं और उनकी चप्पलें उठा रहे हैं। यह कितना शर्मनाक और अशोभनीय व्यवहार है!”
उन्होंने कहा, “तेलंगाना की नींव आत्मसम्मान के सिद्धांत पर रखी गई थी। ऐसा लगता है कि ये दोनों राष्ट्रीय पार्टियां कभी इसे समझ नहीं पाएंगी।”
बीआरएस ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की आलोचना करते हुए कहा कि वे राहुल गांधी के “अंगरक्षक (बॉडीगार्ड) की तरह व्यवहार” कर रहे हैं। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी (टीपीसीसी) के अध्यक्ष बी. महेश कुमार गौड़ को उस बाइक के पीछे दौड़ते हुए देखा गया, जिसे राहुल गांधी चला रहे थे।
हालांकि, टीपीसीसी प्रमुख ने बताया कि वह भी बाइक चला रहे थे लेकिन वह फिसल गई। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने देखा कि वे उनके बगल में नहीं हैं, तो उन्होंने उन्हें बुलाया। महेश कुमार गौड़ ने कहा कि वे इसलिए दौड़ पाए क्योंकि वे फिट हैं। उन्होंने राहुल गांधी के साथ दौड़ने को अपना सौभाग्य बताया।
इस बीच, बीआरएस ने राहुल गांधी से पूछा है कि उन्होंने किस हैसियत से राज्य सरकार के कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
बीआरएस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राहुल गांधी से कहा कि केवल संविधान को हाथ में पकड़ना और बड़ी-बड़ी बातें करना काफी नहीं है, साथ ही उन्हें सलाह दी कि “पहले इसके मूल्यों को सीखें।”
बीआरएस ने पूछा, “आप किस हैसियत से राज्य सरकार के कार्यक्रमों में शामिल होते हैं? किस प्रोटोकॉल के तहत आप सरकारी योजनाओं का उद्घाटन करते हैं?”
राहुल गांधी ने शनिवार को तेलंगाना में ‘गिग वर्कर्स’ के लिए एक कल्याणकारी पैकेज की घोषणा की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आयोजित ‘भारत समिट’ के समापन सत्र को भी संबोधित किया।
–आईएएनएस
एएसएच/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



