कोलकाता, 25 नवंबर (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने तृणमूल कांग्रेस के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों को पार्टी के मूल नाम ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ और चुनाव चिह्न ‘घास और फूल’ पर दावेदारी को लेकर औपचारिक सुनवाई के लिए 27 नवंबर को नई दिल्ली में तलब किया है।
आयोग ने पूर्व पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट तथा पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले दूसरे गुट को शुक्रवार को शाम 4 बजे आयोग के मुख्यालय में अपने प्रतिनिधि भेजने का निर्देश दिया है।
इस साल राज्य विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी में विभाजन होने के बाद दोनों गुटों ने अपने-अपने दावों के समर्थन में आयोग को विस्तृत दस्तावेज सौंपे थे। अब यह विवाद मौखिक सुनवाई के चरण में पहुंच गया है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों के मुताबिक, सुनवाई के बाद दो संभावित परिणाम सामने आ सकते हैं। आयोग मूल पार्टी नाम और ‘घास और फूल’ चुनाव चिह्न दोनों में से किसी एक गुट को आवंटित कर सकता है या फिर नाम और चुनाव चिह्न दोनों को फ्रीज रखते हुए दोनों गुटों को उनके अंतरिम नाम और चिह्न के साथ काम जारी रखने का निर्देश दे सकता है।
फिलहाल ममता बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ (एमएआईटीसी) के अंतरिम नाम से पंजीकृत है और उसे ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है। वहीं, ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाला गुट ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ (डीटीसी) नाम से काम कर रहा है और उसे ‘लिफाफा’ चुनाव चिह्न मिला है।
यह सुनवाई सुप्रीम कोर्ट के 28 सितंबर के निर्देश के बाद हो रही है। शीर्ष अदालत ने निर्वाचन आयोग को तीन महीने के भीतर पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर विवाद का फैसला करने का निर्देश दिया था। अदालत ने दोनों गुटों को चार सप्ताह के भीतर हलफनामे और समर्थन में दस्तावेज जमा करने को कहा था। साथ ही आयोग को दोनों गुटों के संगठनात्मक समर्थन का आकलन रिकॉर्ड पर रखने का निर्देश दिया था।
इसके बाद 30 अक्टूबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस को आवश्यक हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 दिन का अतिरिक्त समय दिया था। वहीं, ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस को जवाबी हलफनामा दाखिल करने के लिए 10 दिन दिए गए थे। इससे आयोग की सुनवाई अस्थायी रूप से टल गई थी।
दोनों गुटों की ओर से निर्धारित प्रक्रिया के तहत हलफनामे दाखिल किए जाने के बाद अब निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को सुनवाई तय की है।
–आईएएनएस
डीएससी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



