चित्रकूट, 9 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार तड़के ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से छह साल के बच्चे सहित चार तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा रविवार देर रात 2:30 बजे रामनगर कस्बे के पास पावर हाउस के निकट हुआ। यह इलाका रायपुर पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर को ट्रॉली से जोड़ने वाली कपलिंग पिन (हिच) अचानक टूट गई। इससे ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक गड्ढे में पलट गई।
हादसे का शिकार हुए लोग तीर्थयात्रियों के एक समूह का हिस्सा थे। वे ‘दीपदान’ करने के बाद प्रयागराज लौट रहे थे। यह समूह धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के लिए चित्रकूट गया था और वापस लौटते समय ही यह हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि घायल यात्रियों को पलटी हुई ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला गया।
घायलों में से सात लोगों को पहले रामनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचएससी) ले जाया गया लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों के अनुसार, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
वहीं, एक अन्य घटना में रेवाड़ी से बिहार के छपरा जा रही एक बस लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर जीरो पॉइंट मोहान के पास पलट गई। इस बस में 50-60 यात्री सवार थे। सूचना पर पहुंची फायर और इमरजेंसी सेवाओं ने ‘मल्टी डिजास्टर रेस्क्यू व्हीकल’ का इस्तेमाल करके 35 मिनट के भीतर फंसे हुए 15-16 यात्रियों को बाहर निकाला, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



