गुजरात के बनासकांठा में पीएम मोदी का भव्य रोड शो, लोगों ने किया जोरदार स्वागत

Summary :

बनासकांठा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचते ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पीएम मोदी ने यहां रोड शो किया, जहां सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ के पशु फार्म का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे। यह दौरा पीएम मोदी के 30 और 31 अक्टूबर के दो दिवसीय गुजरात दौरे का हिस्सा है। इस दौरे के दौरान वे बनासकांठा में 14,000 करोड़…

बनासकांठा, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुजरात के बनासकांठा जिले में शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहुंचते ही जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पीएम मोदी ने यहां रोड शो किया, जहां सड़क के दोनों किनारों पर खड़े लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने बनासकांठा में ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ के पशु फार्म का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी उनके साथ मौजूद रहे।

यह दौरा पीएम मोदी के 30 और 31 अक्टूबर के दो दिवसीय गुजरात दौरे का हिस्सा है। इस दौरे के दौरान वे बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी करेंगे, जिसकी कुल राशि करीब 19,000 करोड़ रुपए है।

दिन के सबसे बड़े कार्यक्रमों में से एक भिलड़ी में बने भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर का राष्ट्र को समर्पण है। 127 एकड़ में फैला यह सेंटर पशु प्रजनन, नस्ल सुधार और उन्नत प्रजनन तकनीकों को मजबूत करने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में बनाया गया है।

यह कांकरेज गाय की नस्ल के लिए देश का अपनी तरह का पहला सेंटर होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक इससे नस्ल सुधार की गति 10 से 20 गुना तक तेज होने की उम्मीद है। उद्घाटन से पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था कि यह सेंटर प्रति पशु दूध उत्पादन बढ़ाने, नस्ल की गुणवत्ता सुधारने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद करेगा, साथ ही देसी पशु नस्लों के संरक्षण में भी सहायक होगा।

प्रधानमंत्री बनास डेयरी के दो बायो सीएनजी प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे। ये प्लांट थराद और राधनपुर में बनेंगे, जिनकी गोबर प्रसंस्करण क्षमता 75 मीट्रिक टन और 100 मीट्रिक टन प्रतिदिन होगी।

इसके अलावा अहमदाबाद मेट्रो का एयरपोर्ट और गिफ्ट सिटी की ओर विस्तार, अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार से आठ लेन तक चौड़ा करने का काम, जिसकी लागत करीब 2,600 करोड़ रुपए है, और 4,030 नए चाइल्ड फ्रेंडली आंगनवाड़ी केंद्रों के विकास जैसी परियोजनाएं भी एजेंडे में हैं।

पीएम मोदी कृषि इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत 521 पूरी हो चुकी परियोजनाओं को भी समर्पित करेंगे, जिनकी कुल लागत लगभग 4,950 करोड़ रुपए है और अहमदाबाद (साबरमती)-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचाराजी-साबरमती मेमू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।

दिन के अंत में प्रधानमंत्री नर्मदा जिले के एकता नगर जाएंगे, जहां वे ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन करेंगे और राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में ‘एकता प्रकाश पर्व’ देखेंगे।

–आईएएनएस

वीकेयू/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.