चेन्नई, 26 सितंबर (आईएएनएस)। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में मंगलवार तक बारिश हो सकती है, साथ ही आंधी और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार की सुबह दक्षिणी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना गहरा दबाव कमजोर पड़ गया। 25 सितंबर को सुबह 8.30 बजे तक, यह सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया।
शनिवार को पश्चिमी घाट के जिलों और चेन्नई, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लुर, वेल्लोर और रानीपेट में एक-दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल सकती हैं।
तमिलनाडु के बाकी हिस्सों और पुडुचेरी व कराईकल में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। रविवार के लिए मौसम विभाग ने पश्चिमी घाट के जिलों में कुछ जगहों पर मध्यम दर्जे की आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है।
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के बाकी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
सोमवार के लिए मौसम के पूर्वानुमान में पश्चिमी घाट के जिलों, चेन्नई और उत्तरी व मध्य जिलों में गरज-चमक के साथ तूफान की संभावना जताई गई है।
जिन इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, उनमें कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, तिरुवल्लूर, विल्लुपुरम, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, नमक्कल, करूर, इरोड, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, पेरम्बलुर, पुदुक्कोट्टई और शिवगंगा शामिल हैं।
पुडुचेरी और कराईकल समेत अन्य जगहों पर भी कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को भी पूरे इलाके में इसी तरह गरज-चमक के साथ तूफानन और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। 29 सितंबर तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है, हालांकि थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।
दिन का तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हो सकता है। चेन्नई में शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की उम्मीद है और शाम को शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम आंधी-तूफान आ सकता है।
अधिकतम तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे शनिवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश के तट और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के इलाकों में न जाएं, क्योंकि वहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है और झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। 26 से 29 सितंबर के दौरान तमिलनाडु के तटीय इलाकों या अरब सागर के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
–आईएएनएस
ओपी/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



