मेघालय के मुख्यमंत्री ने गारो हिल्स में अस्पताल का काम तेजी से पूरा करने का दिया आदेश

Summary :

शिलांग, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दक्षिण गारो हिल्स के बाघमारा सिविल अस्पताल में चल रहे और प्रस्तावित सभी बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के कामों को तेजी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि जिले के लोगों को भरोसेमंद और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। मुख्यमंत्री संगमा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल के अपग्रेडेशन (उन्नयन) कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजना के हर हिस्से की बारीकी से निगरानी…

शिलांग, 9 जुलाई (आईएएनएस)। मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने गुरुवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे दक्षिण गारो हिल्स के बाघमारा सिविल अस्पताल में चल रहे और प्रस्तावित सभी बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के कामों को तेजी से पूरा करें। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि जिले के लोगों को भरोसेमंद और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

मुख्यमंत्री संगमा ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल के अपग्रेडेशन (उन्नयन) कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजना के हर हिस्से की बारीकी से निगरानी की जानी चाहिए और काम में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने विभाग को विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया तेज करने और अस्पताल में नर्सिंग व पैरामेडिकल स्टाफ को मजबूत करने का भी निर्देश दिया, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो सके।

समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि साल 2025 में शुरू हुए ऑपरेशन थिएटर में अब तक 85 सर्जरी किया जा चुका है, जिसमें 42 सीजेरियन ऑपरेशन शामिल हैं।

अस्पताल में साल 2025 के दौरान 20,108 बाहरी मरीजों (ओपीडी) का इलाज किया गया और 2,334 मरीजों को भर्ती किया गया। वहीं, 2026 के पहले छह महीनों में 10,143 बाहरी मरीजों को सेवाएं दी गईं। इससे पता चलता है कि अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

अस्पताल में वर्तमान में आपातकालीन प्रसूति सेवाएं और सीजेरियन ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, गर्भवती महिलाओं के लिए डिलीवरी से पहले रहने के लिए एक ट्रांजिट होम भी चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 11.37 करोड़ रुपए की लागत वाली चार प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम चल रहा है या टेंडर प्रक्रिया में हैं।

इन परियोजनाओं में पुराने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का नवीनीकरण, पानी की टंकी का निर्माण, मेडिकल स्टाफ के लिए 25 आवासीय क्वार्टरों की मरम्मत और 70 बिस्तरों वाले अस्पताल के विकास के लिए प्रस्तावित दूसरे चरण का विस्तार शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कई नई स्वास्थ्य सुविधाओं की योजनाओं की भी समीक्षा की। इनमें नवजात गहन चिकित्सा इकाई, ब्लड बैंक, गर्भवती महिलाओं के लिए ट्रांजिट होम का विस्तार और केंद्र सरकार के सार्वजनिक स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा कार्यक्रम के सहयोग से 50 बिस्तरों वाले एकीकृत मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य विंग का निर्माण शामिल है।

मुख्यमंत्री संगमा ने चोकपोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को फर्स्ट रेफरल यूनिट के रूप में अपग्रेड करने के प्रस्ताव की भी समीक्षा की। इसमें आपातकालीन प्रसूति और नवजात देखभाल, ब्लड स्टोरेज यूनिट, नवजात स्थिरीकरण इकाई और 24 घंटे रेफरल सेवाओं की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि इन सभी निवेशों का उद्देश्य दक्षिण गारो हिल्स के लोगों को आसानी से उपलब्ध, भरोसेमंद और बेहतर गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

–आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.