श्रीनगर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश में एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान जान गंवाने वाले कश्मीरी छात्र का पार्थिव शरीर मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर शहर पहुंच गया।
अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेश में 4 नवंबर को जान गंवाने वाले कश्मीरी एमबीबीएस छात्र अदनान अल्ताफ राथर का पार्थिव शरीर श्रीनगर हवाई अड्डे पहुंच गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पार्थिव शरीर मंंगलवार सुबह श्रीनगर हवाई अड्डे पहुंचा। अब इसे अंतिम संस्कार के लिए उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के सोपोर इलाके में स्थित उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा है।
पार्थिव शरीर को सोपोर तक पहुंचाने के लिए हवाई अड्डे पर एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई थी। इस बीच, जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन (जेकेएसए) ने बताया कि अदनान का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।
एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उनके सलाहकार नासिर सोगमी का भी आभार जताया। उन्होंने समय रहते हस्तक्षेप किया और श्रीनगर हवाई अड्डे से परिवार के पैतृक गांव तक पार्थिव शरीर को पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस और अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किए।
बता दें कि सोपोर के रहने वाले अदनान बांग्लादेश में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे थे, जहां 4 नवंबर को उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर सोमवार शाम नई दिल्ली लाया गया और मंगलवार सुबह विमान से श्रीनगर पहुंचाया गया।
वह बांग्लादेश के कुमिला स्थित ‘ईस्टर्न मेडिकल कॉलेज’ में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे। वह 2017-18 शैक्षणिक सत्र के लिए संस्थान के 14वें बैच में शामिल थे। बताया जा रहा है कि वह अपने मेडिकल कोर्स के आखिरी सेमेस्टर में थे।
अदनान 2 नवंबर की रात कॉलेज परिसर से लापता हो गए थे। 4 नवंबर को बांग्लादेश के कुमिला जिले के बुरिचंग उपजिला स्थित मोनीपुर गांव के एक तालाब से उनका शव बरामद किया गया।
बांग्लादेश में पढ़ाई कर रहे कश्मीरी एमबीबीएस छात्रों ने उनकी अनुपस्थिति में ‘नमाज-ए-जनाजा’ अदा की और उनकी दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
उनकी मौत से उनके पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हुए हैं।
–आईएएनएस
डीके/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



