जम्मू-कश्मीर: बांदीपोरा पुलिस की कार्रवाई, सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वाला दबोचा गया

Summary :

श्रीनगर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की पुलिस ने रविवार को बताया कि उसने सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी अपलोड करने और फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक बयान के अनुसार, पुलिस ने ‘बांदीपोरा वाला’ नाम से चलाए जा रहे एक फेसबुक पेज के जरिए झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी 11 नवंबर को कुलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ी थी। 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की एक नाका पार्टी पर गोलीबारी…

श्रीनगर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की पुलिस ने रविवार को बताया कि उसने सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी अपलोड करने और फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एक बयान के अनुसार, पुलिस ने ‘बांदीपोरा वाला’ नाम से चलाए जा रहे एक फेसबुक पेज के जरिए झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी 11 नवंबर को कुलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ी थी।

11 नवंबर को कुलगाम के अखरान में आतंकवादियों ने सीआरपीएफ की 46वीं बटालियन की एक नाका पार्टी पर गोलीबारी की थी। इस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे।

पुलिस को इस झूठी और मनगढ़ंत जानकारी के बारे में पता चला, तो उसने तुरंत कार्रवाई की।

पुलिस ने बताया, “बांदीपोरा पुलिस स्टेशन के संज्ञान में आया कि ‘बांदीपोरा वाला’ नाम का फेसबुक पेज, जिसे बांदीपोरा के गुंड डचीना निवासी मोहम्मद मकबूल भट के बेटे मोमिन उल इस्लाम द्वारा चलाया जा रहा था, उस पर एक मनगढ़ंत जानकारी अपलोड की गई थी। इसमें दावा किया गया था कि हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान मारे गए हैं। इस तरह की झूठी जानकारी फैलने से अनावश्यक घबराहट पैदा हो सकती है, शांति और लोगों का भरोसा डगमगा सकता है, और सुरक्षा व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ सकता है।”

बयान में कहा गया, “तुरंत कार्रवाई करते हुए, बांदीपोरा पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान की जो यह फेसबुक पेज चला रहा था। इसके बाद, बांदीपोरा पुलिस स्टेशन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर नंबर 187/2026 दर्ज की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। फेसबुक पेज से उस भ्रामक सामग्री को भी हटा दिया गया है।”

बांदीपोरा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की जानकारी न बनाएं, न फैलाएं और न ही साझा करें। खासकर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं के मामले में ऐसा करना खतरनाक हो सकता है, क्योंकि इससे लोगों में घबराहट फैल सकती है, उनका भरोसा टूट सकता है और समाज पर इसके गंभीर नकारात्मक परिणाम हो सकते हैं।

नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे जानकारी के लिए केवल सत्यापित और आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर गलत, भ्रामक या मानहानिकारक जानकारियां अपलोड करने के गंभीर कानूनी और दीवानी (सिविल) परिणाम हो सकते हैं। यह विशेष रूप से भारतीय कानूनों के तहत आता है। फर्जी या दुर्भावनापूर्ण खबरें बनाने, साझा करने या आगे भेजने पर एफआईआर दर्ज हो सकती है और सार्वजनिक अव्यवस्था, शरारत या मानहानि से जुड़े प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

–आईएएनएस

एएसएच/एबीएम

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

IANS Agency

The Indo-Asian News Service (IANS) is a private news agency providing round-the-clock, in-depth coverage of politics, business, entertainment, and world affairs from India and South Asia.