विशाखापत्तनम, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के शुक्रवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने से पहले कमजोर पड़ने की संभावना है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के गुरुवार सुबह के बुलेटिन के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना भीषण चक्रवाती तूफान पिछले छह घंटों के दौरान 12 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है। सुबह 5.30 बजे यह उसी क्षेत्र में केंद्रित था, जो नरसपुर (आंध्र प्रदेश) से पूर्व-दक्षिण-पूर्व में लगभग 440 किमी, कलिंगपट्टनम (आंध्र प्रदेश) से दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में 440 किमी, चेन्नई (तमिलनाडु) से पूर्व-उत्तर-पूर्व में 580 किमी, गोपालपुर (ओडिशा) से दक्षिण में 530 किमी और पुरी (ओडिशा) से दक्षिण में 590 किमी दूर था।
आईएमडी के अनुसार, इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। यह नरसपुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के पूर्व के पास से गुजरेगा। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 110 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि नवीनतम जानकारी के अनुसार, लैंडफॉल (तट से टकराने) से पहले इस चक्रवाती तूफान के कमजोर पड़ने की उम्मीद है।
अब इसका मुख्य असर उत्तरी आंध्र प्रदेश में पड़ने की संभावना है। मध्य और दक्षिणी आंध्र प्रदेश में इस तूफान का कोई खास असर पड़ने की उम्मीद नहीं है। गुरुवार को उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में व्यापक रूप से मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
उत्तरी आंध्र प्रदेश के जिलों में व्यापक रूप से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। प्राधिकरण ने कहा कि लैंडफॉल के बाद बारिश तेजी से कम हो जाएगी।
इसके साथ ही, श्रीकाकुलम, विजयनगरम, विशाखापत्तनम, काकीनाडा और गोदावरी जैसे उत्तरी तटीय जिलों को लोगों को अगले 24-36 घंटों तक सतर्क रहने की सलाह दी गई है। आंध्र प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने एक एडवाइजरी जारी कर कहा कि मछुआरे समुद्र में न जाएं। निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहना चाहिए और आधिकारिक सलाहों का पालन करना चाहिए। जिला प्रशासन जलाशयों, संवेदनशील मंडलों और तटीय क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रहा है।
इससे पहले, गृह मंत्री वी. अनिता ने अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की, जिसमें चक्रवात के संभावित असर, एहतियाती उपायों और राहत कार्यों पर चर्चा की गई। उन्होंने राज्य के सभी विभागों के अधिकारियों को अगले 48 घंटों तक पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया और जोर दिया कि जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए पहले से ही जरूरी कदम उठाए जाएं।
गृह मंत्री ने बताया कि चक्रवात से पैदा होने वाली किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 13 टीमें, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की 11 टीमें और स्थानीय दमकल विभाग की इकाइयों को स्टैंडबाय पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में जरूरत पड़ सकती है, वहां राहत टीमों को तुरंत तैनात करने की व्यवस्था कर ली गई है।
गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि जिला और मंडल मुख्यालयों पर बनाए गए कंट्रोल सेंटर चौबीसों काम करें और जनता की शिकायतों या मदद की मांगों पर तुरंत कार्रवाई करें।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



