हैदराबाद, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने शुक्रवार को घोषणा की कि सरकारी स्कूलों के छात्रों को पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराने के लिए बनाए जा रहे सभी सेंट्रल किचन का उद्घाटन 9 दिसंबर को पूरे राज्य में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी सेंट्रल किचन का काम 30 नवंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने छात्रों को सेंट्रल किचन का दौरा कराने की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। नियमित निगरानी के लिए सभी किचन को हैदराबाद स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा।
हरे कृष्ण फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से उनके जुबली हिल्स स्थित आवास पर मुलाकात की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जुन्ना सोलर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड और चेन लैब्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने सरकारी स्कूल के छात्रों के लिए ब्रेकफास्ट योजना में सहयोग देने के लिए हरे कृष्ण फाउंडेशन के साथ समझौते किए।
दोनों कंपनियों ने नगरकुरनूल और विकाराबाद में आधुनिक सेंट्रलाइज्ड कम्युनिटी किचन स्थापित करने में सहयोग किया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा कि छात्रों को अच्छी गुणवत्ता वाला भोजन दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि छात्रों को नाश्ता उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश्य उन्हें पौष्टिक भोजन देना और नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों का विस्तृत रिकॉर्ड रखने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों के शारीरिक विकास और पढ़ाई में उनकी प्रगति की नियमित निगरानी करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने छात्रों को दिए जाने वाले खाद्य पदार्थों में कैलोरी की मात्रा की गणना करने के लिए एक ऐप विकसित करने को भी कहा।
मुख्यमंत्री ने ब्रेकफास्ट में दिए जाने वाले भोजन के बारे में जानकारी ली और सुझाव दिया कि क्षेत्र के खानपान की आदतों को ध्यान में रखते हुए भोजन तैयार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्रेकफास्ट योजना लंबे समय तक चलने वाला कार्यक्रम है, इसलिए इसे बेहद सावधानी और जिम्मेदारी के साथ लागू किया जाना चाहिए।
जुन्ना सोलर सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड के सीएमडी शेखर रेड्डी और सीईओ अनिल बाबू ने नगरकुरनूल में सेंट्रलाइज्ड कम्युनिटी किचन के लिए हरे कृष्ण फाउंडेशन को 5.17 करोड़ रुपए का चेक सौंपा।
वहीं, चेन लैब्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की प्रतिनिधि सामंथा डे और उपाध्यक्ष बी. संतोष कुमार ने विकाराबाद में आधुनिक सेंट्रलाइज्ड कम्युनिटी किचन के निर्माण के लिए हरे कृष्ण फाउंडेशन को 4 करोड़ रुपए का चेक सौंपा।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने ब्रेकफास्ट योजना के लिए आर्थिक सहयोग देने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों की सराहना की।
कार्यक्रम में मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी, राज्यसभा सदस्य वेम नरेंद्र रेड्डी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एस. श्रीधर और हरे कृष्ण फाउंडेशन के प्रतिनिधि सत्य गौरा चंद्र दास स्वामी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
–आईएएनएस
एएमटी/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



