नई दिल्ली, 28 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर इलाके में गुरुवार को एक घर के अंदर दो बुजुर्ग महिलाओं के शव मिलने से हड़कंप मच गया है।
मृतक महिलाओं की उम्र करीब 80 वर्ष बताई गई है। उनका शव आर ब्लॉक स्थित घर के अंदर मिला, जब घरेलू सहायिका को घर से बदबू आने पर शक हुआ। उसने देखा कि घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे। इसके बाद उसने पड़ोसियों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी सुबह करीब 10:30 बजे मिली।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ”यह सूचना एक मेड ने दी, जो घर के बरामदे की सफाई का काम करती है। उसने बताया कि घर के सभी दरवाजे बंद हैं और अंदर से बदबू आ रही है।”
सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर के अंदर जाकर जांच की।
अधिकारियों ने बताया कि घर के एक कमरे में दो बुजुर्ग महिलाएं बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। उनकी पहचान चंद्रकांता (करीब 80 वर्ष) और सरोज बाला (करीब 80 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एक शव बिस्तर और दूसरा फर्श पर पड़ा हुआ मिला। घर से बदबू आ रही थी।
पुलिस ने बताया कि यह एक मंजिला घर है, जिसमें चार एंट्री पॉइंट हैं। जांच के दौरान किसी तरह की जबरन एंट्री, तोड़फोड़ या संघर्ष के निशान नहीं मिले।
स्थानीय जांच में पता चला कि दोनों महिलाएं लंबे समय से एक साथ इस घर में रह रही थीं। सरोज बाला अविवाहित थीं, जबकि चंद्रकांता उनकी रिश्तेदार थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्राइम टीम, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जांच की। एंबुलेंस टीम ने दोनों महिलाओं की जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच और पड़ोसियों से बातचीत में किसी तरह की आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा, ”अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन हर एंगल से जांच जारी है। दोनों शवों को राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा जा रहा है, जहां पोस्टमार्टम के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है और आगे की जानकारी का इंतजार है।
–आईएएनएस
एएमटी/एबीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



