पुलिवेंदुला, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के सांसद वाईएस अविनाश रेड्डी ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व वाली आंध्र प्रदेश सरकार पुलिवेंदुला नगर निकाय चुनाव में धांधली कराने की साजिश रच रही है। पुलिवेंदुला, वाईएसआरसीपी अध्यक्ष वाईएस जगन मोहन रेड्डी का गृह क्षेत्र और विधानसभा क्षेत्र है।
राज्य के 100 शहरी स्थानीय निकायों में एक नवंबर को मतदान होना है।
वाईएसआर कडप्पा से सांसद अविनाश रेड्डी ने आरोप लगाया कि पुलिस के सहयोग, हिंसा और डराने-धमकाने के जरिए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इसके निर्देश सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय और डीजीपी कार्यालय से दिए जा रहे हैं तथा इस पूरी प्रक्रिया की निगरानी डीआईजी कोया प्रवीण कर रहे हैं।
वाईएसआरसीपी कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए अविनाश रेड्डी ने कहा कि टीडीपी नेता बी. टेक रवि और आदिनारायण रेड्डी ने शुरू से ही वाईएसआरसीपी उम्मीदवारों के नामांकन में बाधाएं पैदा कीं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने महिला उम्मीदवारों समेत कई लोगों को नामांकन दाखिल करने से रोका और इस दौरान 37 राउंड फायरिंग, स्मोक बम, आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी उम्मीदवारों की दुकानों और वाहनों पर भी हमले हुए। उनका कहना है कि वीडियो सबूत होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, बल्कि वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं पर धारा 307 के तहत मामले दर्ज किए, तलाशी अभियान चलाए और गिरफ्तारियां कीं।
अविनाश रेड्डी ने दावा किया कि जम्मलमडुगु, कमलापुरम, प्रोद्दातुर और रायचोटी से हजारों बाहरी लोगों को पुलिस की मदद से लॉज और फंक्शन हॉल में ठहराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य फर्जी मतदान कराना और वास्तविक मतदाताओं को मतदान से रोकना है। उन्होंने कहा कि यह रणनीति पहले हुए जेडपीटीसी उपचुनाव जैसी है।
वाईएसआरसीपी सांसद ने सभी मतदान केंद्रों पर पूर्ण वेबकास्टिंग और लाइव फुटेज की मांग की। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पार्टी ने स्थानीय अदालत और हाई कोर्ट दोनों का रुख किया है।
अविनाश रेड्डी ने पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी और वाईएस जगन मोहन रेड्डी के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके शासन में कृष्णा जल परियोजना, 500 करोड़ रुपए का मेडिकल कॉलेज, 8,000 परिवारों के लिए आवास और 25 करोड़ रुपए की कोल्ड स्टोरेज परियोजना जैसी योजनाएं शुरू की गई थीं। उन्होंने मौजूदा गठबंधन सरकार पर विकास कार्यों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने मतदाताओं से वाईएसआरसीपी की चेयरपर्सन उम्मीदवार प्रमीलम्मा और 20 वार्डों के पार्टी उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की।
इस बीच, पूर्व मंत्री और वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता धर्माना प्रसाद राव ने ग्रेटर विशाखापट्टनम के मतदाताओं से गठबंधन दलों को वोट के जरिए हराने की अपील की।
श्रीकाकुलम स्थित वाईएसआरसीपी जिला कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर विशाखापट्टनम के विकास की अनदेखी करने, नगर निगम के धन का अन्यत्र उपयोग करने और सार्वजनिक भूमि निजी कंपनियों को सौंपने का आरोप लगाया।
धर्माना प्रसाद राव ने यह भी आरोप लगाया कि कापू, यादव और गवारा जैसे प्रभावशाली स्थानीय समुदायों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व से दूर रखा जा रहा है, जबकि ग्रेटर विशाखापट्टनम की सत्ता मुख्यमंत्री के रिश्तेदारों, करीबी सहयोगियों और पसंदीदा सामाजिक समूहों के हाथों में केंद्रित की जा रही है।
उन्होंने सवाल उठाया कि ग्रेटर विशाखापट्टनम नगर निगम (जीवीएमसी) के 1,738 करोड़ रुपए अमरावती भेज दिए गए, जबकि शहर आज भी पेयजल संकट, खराब जल निकासी व्यवस्था, सफाई समस्याओं और उपेक्षित झुग्गी बस्तियों जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है।
–आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



