हिंदू सेना ने महाशिवरात्रि पर अजमेर दरगाह में पूजा करने की मांगी अनुमति

Summary :

महाशिवरात्रि पर अजमेर दरगाह में पूजा के लिए हिंदू सेना का आग्रह

हिंदू सेना ने अजमेर जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अजमेर दरगाह के नीचे गर्भगृह में स्थित संकट मोचन महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की अनुमति मांगी है। हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने कहा कि यह मंदिर हिंदुओं का प्राचीन धार्मिक स्थल है, जहां सदियों से भगवान शिव की पूजा होती आ रही है। इस मंदिर में पूजा करने वाले ब्राह्मणों को ‘घड़ियाल’ कहा जाता था।

हिंदू सेना के अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि हमने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर आग्रह किया है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर एक दिन के लिए हिंदुओं को इस मंदिर में पूजा-अर्चना करने का अधिकार दिया जाए। हमने यह पत्र ईमेल के माध्यम से भेजा है। दरगाह के नीचे स्थित संकट मोचन महादेव शिव मंदिर के बारे में कई प्रमाण और साक्ष्य हमारे पास हैं, जिनका हम पहले भी अदालत में हवाला दे चुके हैं।

गुप्ता ने आगे बताया कि इस मंदिर के गर्भ गृह में भगवान शिव का चित्र अंकित है और यह हिंदुओं का संवैधानिक और मौलिक अधिकार है कि जहां भगवान शिव की मूर्ति, शिवलिंग या चित्र हो, वहां उन्हें पूजा करने का अधिकार है। यही वजह है कि हमने जिला कलेक्टर से अनुरोध किया है कि महाशिवरात्रि के दिन वहां पूजा करने की अनुमति दी जाए।

उन्होंने कहा कि हिंदू सेना का यह कदम हिंदू समुदाय के धार्मिक अधिकारों की रक्षा के लिए है। यह एक ऐतिहासिक और धार्मिक मांग है, जिसे उचित सम्मान और अधिकार मिलना चाहिए। हम आशा करते हैं कि जिला कलेक्टर हमारी इस मांग पर सकारात्मक विचार करेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.