वाराणसी रेलवे स्टेशन पर भारी भीड़, यात्रियों ने की ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग

Summary :

महाकुंभ के बाद काशी में भीड़, यात्रियों को हो रही भारी परेशानी

महाकुंभ में स्नान के बाद वापसी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ धार्मिक नगरी काशी पहुंची है। वाराणसी कैंट स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यात्री ट्रेन में चढ़ने के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ के चलते पैर रखने की भी जगह नहीं मिल रही है। अगर कोई ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आ रही है तो यात्री ट्रेन में चढ़ने के लिए खिड़कियों और दरवाजों पर लटके नजर आ रहे हैं। यात्री इस भीड़ को देखते हुए सरकार से ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। अपनी दीदी को ट्रेन में बैठाने के लिए रेलवे स्टेशन आए परवेज अहमद ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि यहां भीड़ बहुत है। भगदड़ जैसी स्थिति बनी हुई है। स्थिति बहुत खराब है।

कृष्ण लाल ने बताया कि यहां ट्रेन में बहुत ज्यादा भीड़ है। हम ट्रेन के लिए कल से बहुत परेशान हैं। भीड़ ज्यादा होने के कारण हम ट्रेन में बैठ नहीं पा रहे हैं। हम परिवार के 40 लोग एक साथ हैं। ट्रेन में यात्री कर रही अर्चना ने बताया कि वह मध्य प्रदेश जा रही हैं। ट्रेन की स्थिती बहुत खराब है। भीड़ बहुत ज्यादा है। यात्रियों को ट्रेन में उतरने और चढ़ने में बहुत परेशानी हो रही है। स्टेशन पर ट्रेन आते ही लोगों की भीड़ टूट पड़ती है।

यात्री मेघु मांझी ने बताया कि हम बिहार जा रहे हैं। हम कुंभ नहाने के लिए आए थे। परिवार के लोग हमारे साथ हैं। भीड़ के कारण बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है। कल से हम बहुत परेशान है। ट्रेन आती है, तो हम भीड़ का कारण उसमें चढ़ नहीं पाते हैं। हम कल सुबह से ही ट्रेन में नहीं चढ़ पा रहे हैं। यहां पर भगदड़ जैसी स्थिति है। यात्री अरविंद ने बताया कि मुझे भागलपुर जाना है। ट्रेन की बहुत बुरी स्थिति है। ट्रेन आती है लोग भागते हुए उसमें चढ़ने की कोशिश करते हैं। भीड़ बहुत ज्यादा है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.