इंडियन फारमर्स फर्टिलाइजर कोआपरेटिव लिमिटेड (इफको) ने कृषि तकनीक और कृषि वैज्ञानिक शोध के प्रचार प्रसार के लिए प्रसार भारती के साथ एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किये हैं। इफको के प्रबंध निदेशक उदय शंकर अवस्थी ने मंगलवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी।

इस समझौते के तहत नवीनतम कृषि तकनीक को सरल भाषा में डीडी किसान चैनल पर दिखाया जायेगा। इस अवसर पर केंद्र सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार विजय राघवन और प्रसार भारती के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। श्री राधवन ने इस समझौते को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे किसानों की तकनीक गांव गांव तक पहुंच सकेगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि डीडी किसान की पहुंच अधिकतर किसानों तक है जिससे इसका व्यापक लाभ होगा। श्री अवस्थी ने समझौते पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि डीडी किसान चैनल उनके दिल के निकट है।
इफको किसानों की संस्था है और इस समझौते से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दोगुनी करने के सपने को तेजी से साकार किया जा सकेगा। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ दशक के दौरान कृषि के क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है और नयी नयी तकनीकों का विकास किया गया है। इस समझौते से युवा किसानों को भी फायदा होगा।


Download Android App
Download iOS App



