Nagpur News: महाराष्ट्र के नागपुर में दिवाली का त्योहार उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक नवविवाहित शिक्षक दंपति अपने घर में मृत पाए गए। घटना बेलतरोड़ी पुलिस स्टेशन क्षेत्र की है, जहां रविवार सुबह मनीष और सोनाली गणवीर के शव फांसी के फंदे से लटके मिले।
पेशे से शिक्षक यह दंपति गढ़चिरौली के एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाता था और दिवाली की छुट्टियां बिताने नागपुर आया हुआ था। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे खुदकुशी की वजहों का खुलासा नहीं हो सका है।
खिड़की से देखा तो उड़ गए होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब रविवार सुबह रिश्तेदार उनसे मिलने घर पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। शक होने पर जब रिश्तेदारों ने खिड़की से झांका तो दोनों के शव पंखे से लटके दिखाई दिए। आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया।
अगस्त में हुई थी शादी
बेलतरोड़ी पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर रविंद्र नाईकवाड के अनुसार, मनीष और सोनाली दोनों की यह दूसरी शादी थी और उन्होंने इसी साल अगस्त में कोर्ट मैरिज की थी। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और करीबियों से पूछताछ कर पारिवारिक व व्यक्तिगत पहलुओं की पड़ताल में जुटी है ताकि कदम उठाने की सही वजह पता चल सके।
यह भी पढ़ें – भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय बिहार दौरे पर, छठ घाटों का करेंगे निरीक्षण


Download Android App
Download iOS App



