हैदराबाद: तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका देते हुए पार्टी के फायरब्रांड नेता और गोशामहल से विधायक टी. राजा सिंह ने BJP से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का कारण प्रदेश नेतृत्व में बदलाव और नए अध्यक्ष के चयन को बताया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व द्वारा एन. रामचंद्र राव को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले से नाराज़ टी. राजा सिंह ने यह निर्णय लिया। उन्होंने अपना इस्तीफा वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को सौंपा है।
इस्तीफा पत्र में जताई भावनात्मक पीड़ा
अपने इस्तीफे के साथ टी. राजा सिंह ने एक भावुक पत्र भी लिखा है, जिसमें उन्होंने पार्टी नेतृत्व से अपील करते हुए लिखा, “भले ही मैं पार्टी से अलग हो रहा हूं, लेकिन हिंदुत्व की विचारधारा, अपने धर्म और गोशामहल के लोगों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं। मैं अपनी आवाज़ उठाता रहूंगा और हिंदू समाज के साथ और भी मजबूती से खड़ा रहूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि यह निर्णय उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन जरूरी था। “बहुत से लोगों की चुप्पी को सहमति मत समझिए। मैं सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन असंख्य कार्यकर्ताओं और मतदाताओं के लिए बोल रहा हूं, जो आज निराश और उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।”
पार्टी नेतृत्व से पुनर्विचार की अपील
टी. राजा सिंह ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और बीएल संतोष से भी अपील की है कि वे नेतृत्व चयन के निर्णय पर पुनर्विचार करें। उन्होंने कहा, “तेलंगाना बीजेपी अवसर के द्वार पर खड़ी है। लेकिन इस अवसर को गंवाने से बचाने के लिए हमें सही नेतृत्व की आवश्यकता है।”


Download Android App
Download iOS App



