नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को इंडी गठबंधन के नेता सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने वाले हैं। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता भी संसद मार्ग थाने जाकर दिल्ली पुलिस से शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए तारीख की मांग करेंगे। ऐसे में, सोमवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने सुरक्षा कारणों को देखते हुए 6 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था में परेशानी न हो।
वहीं दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार इंडी गठबंधन के मार्च को देखते हुए सोमवार को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक छह मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद कर दिए हैं। इन स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंभा रोड शामिल हैं। बाकी स्टेशन फिलहाल खुले हैं।
वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को प्रस्तावित विपक्षी इंडी गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट मार्च और अन्य विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हो सकता है।
एडवाइजरी के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे से कानून-व्यवस्था की स्थिति के आधार पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जाएंगे।
यात्रियों को सूचित किया गया है कि नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों, चौराहों और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रह सकता है।
जिन प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं, उनमें शंकर रोड-वंदे मातरम् टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, पंचकुइयां गोलचक्कर, मंडी हाउस गोलचक्कर, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक (डब्ल्यू-पॉइंट), रामचरण अग्रवाल चौक (ए-पॉइंट), मिंटो रोड-दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और चेम्सफोर्ड रोड-आउटर सर्किल कनॉट प्लेस टी-पॉइंट शामिल हैं।
इसके अलावा भैरों रोड-एमजीएम टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुम्बद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट, सम्राट होटल गोलचक्कर, सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा, भीकाजी कामा प्लेस के नीचे, मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे और रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने अशोका रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर, विंडसर प्लेस गोलचक्कर, टॉल्स्टॉय मार्ग-जनपथ चौराहा, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग चौराहा, कनॉट प्लेस आउटर सर्किल-बाराखंभा रोड टी-पॉइंट, गोल डाक खाना, पटेल चौक, जय सिंह रोड-अशोका रोड टी-पॉइंट, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस आउटर सर्किल-संसद मार्ग टी-पॉइंट को भी संभावित रूप से प्रभावित क्षेत्रों की सूची में शामिल किया है।
पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और अतिरिक्त समय लेकर निकलें। खासकर रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस अड्डों (आईएसबीटी) और हवाई अड्डे जाने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
–आईएएनएस
एसएके/एएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



