शांतिपूर्ण, संप्रभुता और स्थिर अफगानिस्तान के लिए भारत प्रतिबद्ध: जयशंकर

Summary :

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने अफगान समकक्ष मोहम्मद हनीफ अतमार के साथ बातचीत में एक ऐसे शांतिपूर्ण, संप्रभु और स्थिर अफगानिस्तान के लिए भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने अफगान समकक्ष मोहम्मद हनीफ अतमार के साथ बातचीत में एक ऐसे शांतिपूर्ण, संप्रभु और स्थिर अफगानिस्तान के लिए भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता व्यक्त की। जहां लोकतांत्रिक संवैधानिक ढांचे में सभी तबकों के अधिकारों की रक्षा हो। 
विदेश मंत्रालय ने कहा कि जयशंकर ने यह प्रतिबद्धता सोमवार को अतमार के साथ अपनी गहन चर्चा के दौरान व्यक्त की। अफगानिस्तान के विदेश मंत्री 22 से 24 मार्च तक भारत की तीन दिन की यात्रा पर थे, जिसमें मुख्यत: अफगान शांति प्रक्रिया और व्यापार, निवेश तथा रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तौर-तरीकों पर चर्चा हुई। 
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को एक बयान में कहा, ‘‘विदेश मंत्री ने रेखांकित किया कि क्षेत्र एवं विश्व में शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए अफगानिस्तान में स्थायी शांति महत्वपूर्ण है।’’ इसने कहा कि जयशंकर ने एक सफल अफगान शांति प्रक्रिया के लिए समग्र एवं स्थायी संघर्षविराम के महत्व पर जोर दिया। 
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘विदेश मंत्री ने एक ऐसे शांतिपूर्ण, संप्रभु, स्थिर एवं समावेशी अफगानिस्तान के लिए भारत की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के बारे में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री को पुन: आश्वस्त किया जहां लोकतांत्रिक संवैधानिक ढांचे में समाज के सभी तबकों के अधिकारों की रक्षा हो।’’ 

Desk Team