‘एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान’! PM मोदी और Emmanuel Macron का बड़ा ऐलान, भारत-फ्रांस मिलकर बनाएंगे हाई-एल्टीट्यूड हेलीकॉप्टर

India-France Relations ( image social media )

India-France Relations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने भारत-फ्रांस संबंधों को नई ऊंचाई देने की बात कही। उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत के सबसे पुराने और भरोसेमंद रणनीतिक साझेदारों में शामिल है। दोनों देशों के बीच सहयोग अब और व्यापक, वैश्विक और मजबूत रूप ले रहा है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह साझेदारी केवल दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि वैश्विक स्थिरता और विकास के लिए भी महत्वपूर्ण है।

Emmanuel Macron India Visit: भारत-फ्रांस संबंधों को नई दिशा

India-France Relations
India-France Relations ( image social media )

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मिलकर दोनों देशों ने अपने रणनीतिक संबंधों को नई ऊर्जा दी है। उन्होंने बताया कि यह रिश्ता आपसी विश्वास, सम्मान और साझा लक्ष्यों पर आधारित है। भारत और फ्रांस रक्षा, तकनीक, ऊर्जा और शिक्षा जैसे कई क्षेत्रों में साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में यूरोपीय संघ के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते से भारत और फ्रांस के व्यापारिक संबंधों को भी मजबूती मिलेगी। इससे निवेश और निर्यात के नए अवसर खुलेंगे।

India France Helicopter Project: H-125 हेलीकॉप्टर का भारत में निर्माण

India-France Relations ( image social media )
India-France Relations ( image social media )

प्रधानमंत्री ने एच-125 हेलीकॉप्टर का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर ऐसा हेलीकॉप्टर बनाएंगे जो माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई तक उड़ान भर सकेगा। यह हेलीकॉप्टर भारत में तैयार होगा और दुनिया के कई देशों को निर्यात किया जाएगा। उन्होंने इसे दोनों देशों के तकनीकी सहयोग का प्रतीक बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच सहयोग की कोई सीमा नहीं है और दोनों देश मिलकर वैश्विक स्तर पर नई संभावनाएं पैदा कर सकते हैं।

India-France Relations: इनोवेशन और शिक्षा में सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नवाचार अकेले नहीं, बल्कि मिलकर काम करने से आगे बढ़ता है। इसलिए भारत और फ्रांस अपनी इंडस्ट्री और शोध संस्थानों को साथ लाकर काम करेंगे। दोनों देशों के छात्रों और शोधकर्ताओं के बीच आदान-प्रदान को आसान बनाया जाएगा। इससे युवाओं को नई तकनीकों और वैश्विक अनुभव का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए इंडो-फ्रेंच सेंटर, डिजिटल विज्ञान एवं तकनीक के लिए विशेष केंद्र और एयरोनॉटिक्स में कौशल विकास के लिए नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जाएंगे। ये केंद्र भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाए जा रहे हैं।

Joint Press Conference Modi and Emmanuel Macron: वैश्विक शांति और आतंकवाद के खिलाफ प्रतिबद्धता

प्रधानमंत्री ने दुनिया में बढ़ती अनिश्चितता और विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चाहे यूक्रेन हो, पश्चिम एशिया हो या इंडो-पैसिफिक क्षेत्र, भारत शांति के हर प्रयास का समर्थन करता रहेगा। आतंकवाद के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत और फ्रांस आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ एकजुट हैं और इसे जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सांस्कृतिक और वैश्विक पहल

प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि जल्द ही फ्रांस में स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र की स्थापना की जाएगी। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे। उन्होंने इंटरनेशनल सोलर एलायंस और भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर (IMEC) जैसी पहलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन माध्यमों से वैश्विक समृद्धि को बढ़ावा दिया जाएगा। अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया अनिश्चितताओं से गुजर रही है, तब भारत-फ्रांस साझेदारी वैश्विक स्थिरता और प्रगति के लिए एक मजबूत आधार बन सकती है। दोनों देश मिलकर भविष्य की दिशा तय करने के लिए तैयार हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पहुंचे बोलीवियाई उपराष्ट्रपति एडमन लारा, ऑस्ट्रेलिया से सहायक मंत्री होंगे शामिल, लग रहा दिग्गजों का जमावड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।