IndiGo operational Crisis: देश की कम-खर्च वाली विमान सेवा कंपनी इंडिगो इन दिनों गंभीर ऑपरेशनल संकट से गुजर रही है। पायलटों के लिए लागू किए गए नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों से कंपनी को अपने दैनिक संचालन को संभालने में भारी मुश्किल हो रही है। इसी वजह से आज कंपनी ने बड़ी संख्या में फ्लाइट्स रद्द कर दी हैं।
IndiGo operational Crisis: CEO का पहला बयान सामने आया
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश जारी कर मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले कुछ दिनों से कंपनी के संचालन में काफी बाधाएं आ रही हैं, लेकिन 5 दिसंबर का दिन सबसे ज्यादा प्रभावित रहा।
उनके अनुसार, आज 1000 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जो इंडिगो की कुल दैनिक उड़ानों का आधा से अधिक हिस्सा है। सीईओ ने कहा कि कंपनी की टीम लगातार हालात को सामान्य करने की कोशिश कर रही है, लेकिन फिलहाल ऑपरेशनल चुनौतियाँ बहुत बढ़ गई हैं।

Indigo Flight Cancellations: यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
पीटर एल्बर्स ने यात्रियों से अपील की कि जिनकी उड़ानें रद्द हो चुकी हैं, वे एयरपोर्ट पर न जाएं। उन्होंने बताया कि आज सिस्टम को रीबूट किया जा रहा है, इसलिए उड़ानें सामान्य से अधिक प्रभावित हुई हैं। यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी बुकिंग से जुड़े ताज़ा अपडेट देखते रहें, और उड़ान की स्थिति की जानकारी समय-समय पर जांचते रहें।
कब तक सामान्य होगा संचालन?
सीईओ ने भरोसा दिलाया कि कंपनी स्थिति को ठीक करने के लिए लगातार काम कर रही है। उनके मुताबिक 10 से 15 दिसंबर के बीच इंडिगो अपनी उड़ान सेवाओं को फिर से पूरी तरह सामान्य कर पाएगी।

कंपनी की माफी और आश्वासन
वीडियो संदेश में पीटर एल्बर्स ने सभी यात्रियों से दिल से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से फ्लाइट देरी, शेड्यूल में बदलाव, और उड़ान रद्द होने से लोगों को काफी दिक्कत झेलनी पड़ी है। कंपनी ने आश्वासन दिया है कि यात्रियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और टीम दिन-रात काम कर रही है ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके।

क्या है पूरा मामला?
नए FDTL नियमों के तहत पायलटों की ड्यूटी और आराम के समय में बदलाव किया गया है। इन नियमों को लागू करने में इंडिगो को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिससे क्रू की कमी, शेड्यूल बिगड़ना, और सिस्टम पर दबाव बढ़ गया। इन्हीं कारणों से कई दिन से उड़ान सेवाएं प्रभावित थीं और आज हालात सबसे ज्यादा बिगड़ गए।
यह भी पढ़ें: 1,02,000₹ तक पहुंच गई एयर इंडिया की टिकट, Indigo संकट के बीच आसमान छूने लगे टिकट के दाम


Download Android App
Download iOS App




