अलजीयर्स : भारत में हर साल पेपर लीक होने और एग्जाम में नकल की खबरें आती हैं। पर कोई सबक नहीं लिया जाता। लेकिन अल्जीरिया में हालात दूसरे हैं। वहां एग्जाम में नकल रोकने के लिए पूरे देश में इंटरनेट पर बैन लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध 25 जून तक जारी रहेगा। अल्जीरिया में बुधवार से हाईस्कूल की परीक्षाएं शुरू हुई हैं।
अल्जीरिया में बुधवार को परीक्षा के दौरान छात्रों को चीटिंग से रोकने के लिए इंटरनेट ही बंद कर दिया गया था। अल्जीरिया में बुधवार को हाई स्कूल डिप्लोमा की परीक्षा शुरू हुई और पहले ही दिन नकल को रोकने के लिए इंटरनेट ब्लैकआउट कर दिया गया है। कुल दो घंटे के लिए पूरे देश में मोबाइल और फिक्स्ड इंटरनेट ठप रहा।
अल्जीरी टेलीकॉम ने बताया कि सरकार के आदेशों के मुताबिक, इंटरनेट सेवा रोक दी गई थी ताकि हाई स्कूल डिप्लोमा टेस्ट बिना बाधा के पूरा हो सके। अब जब तक यह परीक्षाएं चलेंगी तब तक 7 लाख छात्रों को नकल से रोकने के लिए इंटरनेट ब्लैकआउट जारी रहेगा। 25 जून तक यह परीक्षाएं चलनी हैं। टेलीकॉम एसोसिएशन के अध्यक्ष अली कहलाने के मुताबिक, ऑपरेटर्स के लिए सरकार की मांगों को पूरा करना जरूरी है। साल 2016 में हुए परीक्षा के दौरान बड़े पैमाने पर नकल हुई थी। इस दौरान परीक्षा में पूछे गए सवाल परीक्षा से पहले ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए गए थे। बीते साल प्रशासन ने ऑपरेटर्स से सोशल मीडिया एक्सेस को प्रतिबंधित करने का आदेश दिया, लेकिन इससे समस्या का समाधान नहीं हुआ।
इंटरनेट एक्सेस वाले इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल और टैबलेट्स को इस साल अल्जीरिया के 2000 एग्जाम सेंटर्स पर बैन कर दिया गया है। शिक्षा मंत्री नौरिया बेनघार्बिट ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर्स लगाए गए हैं। प्रश्नपत्र लीक होने से बचाने के लिए उन जगहं पर भी जैमर्स और सर्विलांस कैमरा लगाए गए जहां प्रश्नपत्र छपे हैं। बता दें कि इस परीक्षा में 700,000 छात्र शामिल हो रहे हैं इसके नतीजे 22 जुलाई तक आएंगे।
अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



