कांग्रेस ने फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इंटरव्यू लिए जाने पर कटाक्ष करते हुए बुधवार को कहा कि ऐसा लगता है कि मोदी अब राजनीतिक जगत से फिल्म जगत का रुख करने वाले हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी दावा किया कि इंटरव्यू में एक ‘विफल राजनीतिज्ञ’ ने अक्षय कुमार से अच्छा अभिनेता बनने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे।
सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अक्षय कुमार जी बहुत अच्छे अभिनेता हैं। एक विफल राजनीतिज्ञ अब अक्षय कुमार से अच्छा अभिनेता बनने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन अक्षय कुमार जी से अच्छे अभिनेता कैसे बन पाएंगे?’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब हो सकता है कि मोदी जी ने अब राजनीतिक जगत से फिल्म जगत में जाने का मन बना लिया हो क्योंकि आजकल बायोपिक का दौर चल रहा है।’’
गौरतलब है कि मोदी के इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी अभिनेता अक्षय कुमार के साथ राजनीतिक मुद्दों से अलग निजी जीवन के बारे में बात कर रहे हैं। जिसमें उन्होंने अपने पहनावे से लेकर रिटायरमेंट तक के बारे में चर्चा की। अक्षय कुमार ने पीएम मोदी से उनके गुस्से, नींद, रिटायरमेंट और परिवार से जुड़े कई सवाल किए। पीएम मोदी ने भी उनके हर सवाल का बड़ी ही शालीनता से जवाब दिया। बीच में चुटकुलों का दौर भी चला।


Download Android App
Download iOS App




