पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ जापान हमारे साथ : सलमान खुर्शीद

Summary :

जापान में आतंकवाद के खिलाफ भारत को मिला मजबूत समर्थन

जापान में भारतीय सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का दौरा सफल रहा, जहां पूर्व कानून मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि जापान आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने बताया कि सभी बैठकों में आतंकवाद के मुद्दे पर अभूतपूर्व समर्थन मिला, जिससे प्रतिनिधिमंडल खुशी-खुशी लौट रहा है।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा, “दौरा बेहद सफल रहा। हम सभी एक साथ यहां हैं। यह अपने आप में एक बड़ी सफलता है । हमने जिनके सामने अपना पक्ष रखा उनसे बेहद अच्छा रिस्पांस मिला। विशेषकर आतंकवाद के मुद्दे पर जापान हमारे साथ मजबूती से खड़ा है। आंतकवाद के मुद्दे पर हम जिनसे भी मिले उनसे अभूतपूर्व समर्थन मिला। हम यहां से खुशी-खुशी लौट रहे हैं।”

जापान में भारत के राजदूत सीबी जॉर्ज ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “जापान पहला देश है जहां हमारा प्रतिनिधिमंडल आया। 2 दिन पहले प्रतिनिधिमंडल पहुंचा था। पहुंचने के साथ ही बैठकों का दौर लगातार चल रहा है। हमने जापान के विदेश मंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री सुगा, संसद अध्यक्ष, और कई समितियों के प्रमुखों से मुलाकात की। हमार प्रस्ताव और उद्देश्य बिल्कुल स्पष्ट था कि आंतकवाद पर हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति है और मुझे खुशी है कि हमने जिस भी मंच पर अपनी बात रखी, भरपूर समर्थन मिला।”

सांसद अपराजिता सारंगी ने कहा, “यहां हमने विदेश मंत्री, पूर्व प्रधानमंत्री, संसद अध्यक्ष से मुलाकात की। इसके अलावा भारतीय मूल के लोगों से भी हमने मुलाकात की। हमारा लक्ष्य पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद को एक्सपोज करना था और हम इसमें सफल हुए हैं।”

जदयू सांसद संजय झा के नेतृत्व में जापान के तीन दिवसीय दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल में, सलमान खुर्शीद, प्रदान बरूआ, बृज लाल, डॉ. हेमांग जोशी, अपराजिता सारंगी, अभिषेक बनर्जी, जॉन ब्रिटास शामिल थे। इनके साथ पूर्व राजनयिक मोहन कुमार भी शामिल हैं। जापान में प्रतिनिधिमंडल 22 से 24 मई तक था। इस प्रतिनिधिमंडल को इंडोनेशिया, मलेशिया, कोरिया गणराज्य, जापान, सिंगापुर जाना है।

सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने जापान की 3 दिवसीय यात्रा पूरी की

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.