चतरा, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के चतरा जिले के इटखोरी स्थित प्रसिद्ध मां भद्रकाली मंदिर परिसर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब कीर्तन मंडली के कमरे में एक पुजारी श्रीनिवास का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मृतक मूल रूप से बिहार के बलिया जिले के रहने वाले बताए गए हैं। स्थानीय लोगों और मंदिर समिति के सदस्यों ने कमरे में श्रीनिवास का शव लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
स्थानीय लोगों की मदद से कमरे का दरवाजा खोला गया और पुजारी को फंदे से नीचे उतारा गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद लोगों और कीर्तन मंडली के सदस्यों में शोक का माहौल है। मंदिर से जुड़े लोगों के अनुसार, श्रीनिवास मंदिर परिसर में ही रहते थे और कीर्तन मंडली से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाते थे। उनकी मौत की खबर फैलने के बाद मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है। प्रथम दृष्टया मामला फंदे से लटके शव मिलने का है, लेकिन पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि श्रीनिवास की हाल की गतिविधियां कैसी थीं।
पुलिस मंदिर परिसर में रहने वाले अन्य लोगों, कीर्तन मंडली के सदस्यों और मृतक के परिचितों से पूछताछ कर रही है। मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
–आईएएनएस
एसएनसी/एमएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



