झारखंडः कोडरमा में स्कूल हॉस्टल में 10वीं के छात्र ने लगाई फांसी, परिजनों ने प्रबंधन पर लगाया आरोप

Summary :

कोडरमा, 4 मई (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रविवार रात कक्षा 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लक्खीबागी के फरेंदा निवासी 17 वर्षीय उदित यादव के रूप में हुई है। इस घटना को लेकर परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार ने बताया कि वह रविवार को अपने भाई से मिलने दो बार स्कूल गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे उदित से मुलाकात कर जब वे घर लौटे, तो…

कोडरमा, 4 मई (आईएएनएस)। झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत असनाबाद स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में रविवार रात कक्षा 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लक्खीबागी के फरेंदा निवासी 17 वर्षीय उदित यादव के रूप में हुई है।

इस घटना को लेकर परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतक के बड़े भाई आदित्य कुमार ने बताया कि वह रविवार को अपने भाई से मिलने दो बार स्कूल गए थे। शाम करीब साढ़े पांच बजे उदित से मुलाकात कर जब वे घर लौटे, तो उसके कुछ देर बाद ही एक छात्र का फोन आया कि उदित की तबीयत खराब है। आनन-फानन में जब परिजन स्कूल पहुंचे, तो उदित हॉस्टल के कमरे में जमीन पर मृत अवस्था में पड़ा था।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, उदित ने कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगा ली थी, जिसके बाद उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि उदित अगले वर्ष होने वाली 10वीं की बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए करीब पांच महीने पहले ही हॉस्टल में रहने आया था। परिवार का आरोप है कि उदित इतना आत्मघाती कदम नहीं उठा सकता।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि इतने छात्रों और स्टाफ की मौजूदगी के बीच ऐसी घटना होना कई संदेह पैदा करता है। दूसरी ओर, विद्यालय के संचालक प्रमोद कुमार का कहना है कि उदित पिछले चार-पांच दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और वह हॉस्टल में रहकर पढ़ाई नहीं करना चाहता था।

घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।

–आईएएनएस

एसएनसी/एएस

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.