Jharkhand News : झारखंड के धनबाद में पुलिस ने अवैध लॉटरी चलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने गुरुवार को गोविंदपुर थाना क्षेत्र के जंगलपुर गांव में यह कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाहिद, शाहरुख खान, अकबर अली, कैसर अंसारी और मोहम्मद जानू के रूप में हुई है। सभी आरोपी देवघर जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गोविंदपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने जंगलपुर गांव में छापेमारी कर लगभग 50 लाख रुपए मूल्य के लॉटरी टिकट, 11,650 प्लास्टिक पैक पार्सल टिकट, दो लैपटॉप, तीन प्रिंटर, कई मोबाइल फोन, दो स्टेपलर मशीनें और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
Jharkhand News : पुलिस के हाथ लगे कई अहम दस्तावेज
धनबाद के डीएसपी-1 शंकर कामती ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि यह गिरोह अवैध लॉटरी टिकटों की छपाई, पैकिंग और वितरण के काम में शामिल था। तैयार टिकटों की आपूर्ति झारखंड और बाहर के राज्यों में की जाती थी। छापेमारी के दौरान पुलिस को कई अहम दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनसे गिरोह के नेटवर्क और सप्लाई चेन का खुलासा होने की उम्मीद है।

Illegal Lottery In Dhanbad: लैपटॉप, मोबाइल और लाखों की लॉटरी टिकट बरामद
उन्होंने कहा कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से अवैध लॉटरी कारोबार चला रहा था, जिससे हर महीने लाखों रुपए का लेनदेन होता था। पुलिस जब्त लैपटॉप और मोबाइल की तकनीकी जांच करा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध धंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं। धनबाद पुलिस ने पूरे मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।



Download Android App
Download iOS App




