Jharkhand: झारखंड के हजारीबाग से दर्दनाक घटना सामने आ रही है। यहां सरबाहा गांव में कुएं में डूबने से पांच युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुंदर करमाली (27 वर्ष), विनय कुमार, पंकज करमाली, सूरज भुइयां (24 वर्ष) और राहुल करमाली (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी युवक एक ही गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब एक घरेलू विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। पती-पत्नी के बीच तीखी बहस के बाद सुंदर करमाली गुस्से में आकर पास के कुएं में अपनी मोटरसाइकिल के साथ कूद गया। यह देखकर उसकी पत्नी रूपा देवी ने सहायता के लिए लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।
अन्य चार लोगों की मौत
सुंदर करमाली को बचाने के लिए गांव के दो भाई, विनय कुमार और पंकज करमाली, तुरंत कुएं में कूद गए। इसके बाद सूरज भुइयां और राहुल करमाली भी बचाव के लिए कुएं में उतर गए। हालांकि, इन सब का यह प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण साबित हुआ और पांचों युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल
घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को कुएं से बाहर निकाला। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया।
पूरे गांव में शोक की लहर
इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। जहां लोग नए साल का जश्न मना रहे है, वहीं इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम फैला हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ जारी है। यह घटना एक बार फिर यह याद दिलाती है कि आवेश में उठाया गया कोई भी कदम कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकता है।
पुलिस के मुताबिक, घटना जिले के चारही इलाके में हुई। घटना में पांच लोगों की मौत हुई। इनमें चार लोग वह हैं, जो व्यक्ति को कुएं से बचाने की कोशिश कर रहे थे। सुंदर कर्मली (27 वर्षीय) का अपनी पत्नी रूपा देवी के साथ घरेलू विवाद हुआ। जिसके बाद सुंदर करमाली ने गुस्से में आकर मोटरसाइकिल सहित कुएं में छलांग लगा दी।


Download Android App
Download iOS App



