जस्टिस लोया की मौत से जुडी याचिकाओं पर आज SC में सुनवाई

Summary :

NULL

जस्टिस लोया की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत की एक स्वतंत्र जांच की मांग करने वाली याचिकाओं पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के 4 जजों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जज लोया की मौत की जांच को लेकर सवाल उठाए थे। इस मामले में विवाद काफी बढ़ गया है। बीएच लोया सोहराबुद्दीन एन्काउंटर मामले की सुनवाई कर रहे थे। लोया की एक दिसंबर 2014 को नागपुर में दिल का दौरा पड़ने पर मृत्यु हो गई थी। उस वक्त वह एक सहकर्मी की बेटी की शादी में शरीक होने गए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने 22 जनवरी की आखिरी सुनवाई के दौरान याचिकाओं में उठाए गए मुद्दों को गंभीर बताया था लेकिन मामले में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर आरोप लगाने पर वरिष्ठ अधिवक्ता दुष्यंत दवे को फटकार लगाई थी। न्यायालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह के प्रति भी नाराजगी जताई थी जिन्होंने मीडिया संबंधी अपना बयान बाद में वापस ले लिया था। वहीं राजनीतिक पार्टियां और प्रमुख रूप से कांग्रेस लोया की मौत के मुद्दे को जोरशोर से उठा रही हैं और एक स्वतंत्र जांच की मांग कर रही है।

आपको बता दें कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित दो याचिकाएं कांग्रेस नेता तहसीन पूनावाला और महाराष्ट्र के पत्रकार बीएस लोन ने दायर की हैं। बाद में पूर्व नौसेना प्रमुख एल रामदास ने एक अर्जी दायर कर उच्चतम न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और पूर्व पुलिस अधिकारियों की एक समिति द्वारा स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team