भोपाल : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि हमें राजनीति में हुए परिवर्तन को समझना होगा। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति बिल्कुल स्थानीय स्तर की है। हमें जीतने वाला कैंडिडेट चाहिए, अब कौन किस नेता के नजदीक है, यह नहीं चलेगा। यह बात पार्टी अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रदेश भर से आये जिला कांग्रेेस अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमें उस व्यक्ति का चयन करना है जिसके पीछे जनता खड़ी है, जिसके पीछे संगठन खड़ा है।
यदि हम ऐसे व्यक्ति की पहचान नहीं करते हैं तो न केवल अपने आप को धोखा देंगे बल्कि हम जनता को भी धोखा देंगे। उन्होंने कहा कि इस मायने में हमारी ब्लाक समिति की भूमिका ही महत्वूपर्ण साबित हो सकती हैं। हमें यह देखना है कि हमारा लोकल संगठन क्या है? गांव का संगठन क्या है? ब्लाक की समस्याऐं क्या हैं? प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि चुनौती केवल 6-7 माह की है। मेरा अनुभव है कि आज की राजनीति में स्थानीय लोगों की बात ज्यादा सुनी जाती है।
यह बड़ा राजनीतिक परिवर्तन है। पार्टी संगठन में ऐसे लोगों को जोड़ें जिनका जनता पर बहुत प्रभाव है, क्योंकि हमारा मुकाबला भाजपा के धन-बल से है। इस मौके पर अभा कांग्रेस के महासचिव और प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया ने कहा कि पार्टी गाईड लाईन का पालन करें। कितना भी बड़ा सीनियर वर्कर क्यों न हो वह अनुशासन में रहकर अपनी बात मीडिया के बजाय पार्टी पदाधिकारियों से कहे। उन्होंने जिलाध्यक्षों को चेताया कि अब आलोचना करने और बयानबाजी की अनुमति नहीं दी जायेगी।
इस बीच उन्होंने कहा कि भाजपा आज हताश है, क्योंकि लोग उससे दूर होते जा रहे हैं। हमें यह देखना है कि हम इनको अपने साथ कैसे जोड़ सकते हैं। स्थानीय स्तर पर पूरा माहौल बनाकर इस सरकार को उखाडऩे की रणनीति बनायें। वहीं नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि सभी की इच्छा और लक्ष्य प्रदेश को भाजपा से मुक्त कराकर सभी वर्गों की मदद करने वाली सरकार बनायें। उन्होंने कहा कि हमारे पास सिर्फ 150 दिन हैं और इन दिनों में दिन-रात मेहनत कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करें।
अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।


Download Android App
Download iOS App



