कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार की गिरफ्तारी का कर्नाटक में विपक्षी नेताओं ने मंगलवार को कड़ी निंदा की। कांग्रेस के संकटमोचक माने जाने वाले पार्टी के नेता शिवकुमार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन रोकथाम कानून (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत दिल्ली में गिरफ्तार किया।
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और एचडी कुमारस्वामी ने भाजपा पर असहमति के स्वर को दबाने के लिए केन्द्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। वहीं, मुख्यमंत्री बी एस येदयुरप्पा ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगर पूर्व मंत्री पर लगे आरोप गलत साबित हुए तो उन्हें सबसे ज्यादा प्रसन्नता होगी। शिवकुमार की गिरफ्तारी के बाद उऩके समर्थकों ने पास के रामनगर और बेल्लारी में विरोध प्रदर्शन किया।
सिद्धारमैया ने शिवकुमार की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए ट्वीट किया, “यह सिर्फ भाजपा सरकार की ढ़ांचागत विफलताओं से ध्यान भटकाने और असंतोष की आवाज़ को रोकने की कोशिश है। डीके शिवकुमार उनकी प्रतिशोध की राजनीति का शिकार हुए हैं।”

वहीं, जद (एस) नेता कुमारस्वामी ने कहा कि ईडी ने कई दिनों तक पूछताछ के बाद शिवकुमार को गिरफ्तार करने के पीछे उनके सहयोग नहीं करने को कारण बताया है,यहां तक कि उन्हें गणेश चतुर्थी पर एक दिन की भी छूट नहीं दी गई।
कांग्रेस और युवा कांग्रेस की कर्नाटक इकाई ने भी शिवकुमार की गिरफ्तारी की निंदा की और कहा कि वे अपने नेता के साथ हैं। प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट किया,‘‘जांच में पूरे सहयोग के बावजूद डी के शिवकुमार को ईडी द्वारा गिरफ्तार किया गया। यह राजनीतिक प्रतिशोध है और कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का हथकंडा है।’’


Download Android App
Download iOS App



