तिरुवनंतपुरम, 29 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने दावा किया है कि केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की सरकार बनेगी। उन्होंने आरोप लगाए कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी और सत्तारूढ़ सीपीएम के बीच डील है, जिसका पर्दाफाश कर दिया गया है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “भाजपा और सीपीएम के बीच एक डील हुई है। असल में, यह डील प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के बीच है। हमने इसका पर्दाफाश कर दिया है और लोग इस मुद्दे पर जोर-शोर से चर्चा कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पिछले 2021 के चुनाव में भी पूरी तरह से एक डील हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ चाहते थे, जबकि मुख्यमंत्री कांग्रेस को सत्ता में लौटने से रोकना चाहते थे। इसके साथ ही, चेन्निथला ने दावा करते हुए कहा, “यूडीएफ अच्छे बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा और हम सरकार बनाएंगे। हमें पूरा भरोसा है।”
उन्होंने सबरीमाला का मुद्दा भी उठाया और कहा कि लोग सीपीएम के रुख से पूरी तरह से निराश हैं।
वहीं, यूडीएफ उम्मीदवार और केरल के पूर्व गृह मंत्री थिरुवनचूर राधाकृष्णन ने कहा, “हमें केरल में बहुत अच्छे नतीजों की उम्मीद है। पिछले 20 सालों से हम परेशानियां झेल रहे हैं। वामपंथी सरकार या तो जरूरत से ज्यादा कर रही थी, या फिर कभी-कभी बिल्कुल भी कुछ नहीं कर रही थी।”
उन्होंने कहा कि मैं सीटों की सटीक संख्या का कोई अनुमान नहीं लगा रहा हूं, लेकिन अपने क्षेत्र में हो रहे सभी घटनाक्रमों को देखते हुए मैं यह भरोसा दिला सकता हूं कि इन चुनावों में हमें 100 से अधिक सीटें मिलेंगी। पूर्व गृह मंत्री ने राज्य में बेरोजगारी और पलायन के मुद्दे पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, “आम जनता के लिए यहाँ कोई अच्छी नौकरी पाने का विकल्प ही नहीं है।”
थिरुवनचूर राधाकृष्णन ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी में जनता को अपनी ओर खींचने वाले सबसे बड़े नेता हैं। ज्यादातर जगहों पर, हर कोई राहुल गांधी को सुनने के लिए इकट्ठा होता है। इस चुनाव के लिए उन्होंने 5 मुख्य घोषणाएं की हैं। यह एक तरह का घोषणापत्र है, जिसमें महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, गृहणियों के लिए 5,000 रुपए, युवाओं की पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए 1,000 रुपए और फिर उनके नए रोजगार के लिए लगभग 10 लाख रुपए की गारंटी है।”
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



