कोलकाता, 26 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता से एक हत्याकांड का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दो लोग देर रात छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग आए और झगड़ा शुरू हो गया। इसमें एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा व्यक्ति घायल बताया जा रहा है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 1 बजे पटुली थाना पुलिस को सूचना मिली कि पुरबा फूल बागान इलाके में एक बिल्डिंग की छत पर झगड़ा हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर देखा गया कि दो लोग गंभीर रूप से घायल पड़े थे। दोनों को बिना देर किए अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने राहुल दे उर्फ बुम्बला को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गोली लगी थी, जिस वजह से उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरा युवक जीत बाल-बाल बचा है। गोली उसके सिर को छूकर निकल गई। उसके सिर पर कट का निशान है। फिलहाल, उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घायल जीत ने पुलिस को बताया कि वह और राहुल छत पर बैठकर शराब पी रहे थे। उसी दौरान कुछ लोग वहां आ पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। पहले तो मारपीट हुई, लेकिन बाद में मामला इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। इसी गोलीबारी में राहुल की मौके पर ही जान चली गई, जबकि जीत किसी तरह बच गया, लेकिन वह घायल हो गया।
पुलिस ने इस मामले में तेजी दिखाते हुए सभी आरोपियों की पहचान कर ली है। अब तक चार लोगों को पकड़ लिया गया है। इनमें दीप रॉय (33 वर्ष) उर्फ पुकाई और बिधान बनर्जी (27 वर्ष), जो नारेंद्रपुर थाना इलाके के रहने वाले हैं, शामिल हैं। इसके अलावा, राजा बनिक (36 वर्ष), जो नेताजी नगर क्षेत्र का निवासी है और जयंतो घोष को भी हिरासत में लिया गया है।
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि झगड़े की असली वजह क्या थी।
–आईएएनएस
पीआईएम/डीकेपी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



