छावा में विक्की कौशल के अभिनय को कुमार विश्वास ने बताया अद्भुत

Summary :

कुमार विश्वास ने की विक्की कौशल के अभिनय की तारीफ

मराठा गौरव को पर्दे पर बखूबी उतारती फिल्म ‘छावा’ सफलता के आसमान को छू रही है। 250 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर चुकी फिल्म को खूब तारीफ मिल रही है। फिल्म में विक्की कौशल के अभिनय की कवि कुमार विश्वास ने भी सराहा है।

संभाजी महाराज की वीरता को पर्दे पर उतारती फिल्म ‘छावा’ में विक्की कौशल की अदाकारी को कुमार विश्वास ने “अद्भुत” बताया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर विक्की कौशल के साथ तस्वीर शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “भारत की अप्रतिम शौर्य परंपरा को अपने अद्भुत अभिनय कौशल से हमारे प्राणधन शौर्य-स्वरूप छावा छत्रपति संभाजी महाराज के रूप में जीवंत करने के लिए बहुत-बहुत बधाई विक्की कौशल अशेष शुभकामनाएं।”

फिल्म में शानदार अभिनय के लिए कुमार विश्वास से मिली तारीफ पर विक्की कौशल बेहद उत्साहित नजर आए। विश्वास की तस्वीरों को री-पोस्ट कर उन्होंने आभार जताते हुए लिखा, “धन्यवाद कुमार विश्वास जी।”

मराठा साम्राज्य और उसके गौरव वीर संभाजी महाराज पर बनी फिल्म ‘छावा’ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सराहना कर चुके हैं। विक्की कौशल ने पीएम मोदी का आभार जताते हुए इसे शब्दों से परे सम्मान बताया था।

फिल्म दो राज्यों मध्य प्रदेश और गोवा में टैक्स फ्री भी हो चुकी है।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘छावा’ में विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका में हैं। इस प्रोजेक्ट में रश्मिका मंदाना ने महारानी येसुबाई, अक्षय खन्ना ने औरंगजेब, डायना पेंटी ने जीनत-उन-निसा बेगम, आशुतोष राणा ने हम्बीराव मोहिते और दिव्या दत्ता ने सोयराबाई की भूमिका निभाई है।

14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई फिल्म ‘छावा’ दर्शकों के दिलों में जगह बनाने में कामयाब रही है। बॉक्स ऑफिस पर भी जबरदस्त धमाल मचाए हुए है। 250 करोड़ के क्लब में फिल्म शामिल हो गई है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.