आम आदमी पार्टी (आप) के नेता कुमार विश्वास के माफी मांग लेने के बाद केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा वापस ले लिया है। विश्वास ने कुछ दिन पहले जेटली को एक पत्र लिखकर इस मामले में अपना पक्ष रखकर खेद जताया था और उनके खिलाफ दिए गए बयानों के लिए माफी मांगी तथा मानहानि का मुकदमा वापस लेने का अनुरोध किया था।
जेटली के अधिवक्ता ने बताया कि विश्वास के पत्र को स्वीकार करके मुकदमा वापस ले लिया गया है। इस मामले के अन्य आरोपी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पार्टी नेता संजय सिंह, आशुतोष, राघव चड्ढा और दीपक वाजपेयी पहले ही माफी मांग चुके हैं। जेटली ने केजरीवाल समेत आप के अन्य नेताओं पर उनके दिल्ली क्रिकेट एवं जिला संघ (डीडीसीए) का अध्यक्ष रहने के दौरान वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाने पर 10 करोड़ रुपए मानहानि मामला दर्ज किया था।
विश्वास ने अरुण जेटली को लिखे पत्र में कहा था कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल के कहने पर ही उन्होंने और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं तथा प्रवक्ताओं ने बातें दोहराई थीं। पत्र में आप नेता ने कहा कि अब केजरीवाल इस मामले में उनसे संपर्क में नहीं हैं। विश्वास ने लिखा कि पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते ही उन्होंने केवल केजरीवाल की कही गई बातों को दोहराया था।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



