‘खेला होबे’ से ‘हंगामा होबे’ तक: सुवेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर सीधा हमला, राज्यपाल को पत्र लिखकर उठाए गंभीर सवाल

Summary :

Lionel Messi Event Kolkata: पश्चिम बंगाल में फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी से जुड़े इवेंट में हुई अव्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया और इसे जनता के साथ धोखा करार दिया। राज्यपाल को पत्र लिखकर उठाए गंभीर सवाल सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस को पत्र लिखकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि…

Lionel Messi Event Kolkata: पश्चिम बंगाल में फुटबॉल दिग्गज लियोनेल मेसी से जुड़े इवेंट में हुई अव्यवस्था को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया और इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।

राज्यपाल को पत्र लिखकर उठाए गंभीर सवाल

सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस को पत्र लिखकर सरकार की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ प्रबंधन में पूरी तरह नाकामी रही और इसके लिए सत्ताधारी पार्टी, उसके नेता, मंत्री, स्थानीय पुलिस और सरकारी तंत्र जिम्मेदार हैं। अधिकारी ने राज्यपाल से सरकार से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

‘यह हादसा नहीं, सुनियोजित गैर-कानूनी काम’

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर किए गए पोस्ट में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह तोड़फोड़ कोई हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित अव्यवस्था थी। उन्होंने लिखा कि शनिवार को युवा भारती क्रीड़ांगन में हजारों बंगाली फुटबॉल प्रेमियों को अपमानित किया गया। महंगी टिकटें खरीदने के बावजूद फैंस को मेसी की झलक तक नहीं मिल पाई और उन्हें “मवेशियों की तरह ठूंस दिया गया।”

जांच समिति को बताया दिखावा

सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री द्वारा गठित जांच समिति को भी कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि यह जांच सिर्फ दिखावा है, क्योंकि इसमें वही नौकरशाह शामिल हैं जिन पर सवाल उठ रहे हैं, जिनमें मुख्य सचिव भी शामिल हैं। उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की अगुवाई में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की मांग की।

VIP कल्चर पर हमला, असली फैंस से हुआ धोखा

एक अन्य ट्वीट में सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि असली फुटबॉल फैंस को नजरअंदाज किया गया, जबकि सत्ताधारी पार्टी के नेता, मंत्री और उनके परिजन मेसी के आसपास फोटो खिंचवाने में लगे रहे। उन्होंने कहा कि फैंस गैलरी में फंसे रहे और बड़ी स्क्रीन पर भी केवल कुछ मिनटों के लिए ही मेसी को देख पाए।

महंगी टिकट, महंगा पानी और वसूली के आरोप

उन्होंने इवेंट मैनेजमेंट पर भी गंभीर आरोप लगाए। सुवेंदु अधिकारी के अनुसार, स्टेडियम के अंदर पानी की बोतलें प्रतिबंधित थीं, जिससे मजबूर फैंस को 20 रुपये की बोतल के लिए 200 रुपये चुकाने पड़े। उन्होंने इसे “टीएमसी का क्लासिक वसूली रैकेट” बताया।

Lionel Messi Event Kolkata: तीन मांगें रखीं, गिरफ्तारी और रिफंड की अपील

सुवेंदु अधिकारी ने विपक्ष के नेता के तौर पर अपनी तीन प्रमुख मांगें सामने रखीं। पहली, हर गैलरी टिकट धारक को 100 प्रतिशत रिफंड दिया जाए। दूसरी, इस कथित सरकारी प्रायोजित अराजकता के लिए खेल मंत्री अरूप बिस्वास, अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस और आयोजक शताद्रु दत्ता को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। तीसरी और सबसे बड़ी मांग यह कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस्तीफा दें।

‘यह सिर्फ कुप्रबंधन नहीं, बंगाल के गौरव पर हमला’

अंत में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि यह मामला सिर्फ कुप्रबंधन का नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल के गौरव और फुटबॉल प्रेमियों की भावनाओं पर आपराधिक हमला है। उन्होंने दावा किया कि जनता इस “सार्वजनिक धोखे” को कभी नहीं भूलेगी और सरकार को इसका जवाब देना होगा।

Shera Rajput