लोकसभा चुनाव में मिली करारी शिकस्त की वजह खोजने और संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की कवायद में समीक्षा दौर से गुजर रही कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में शुक्रवार को मंथन का सिलसिला जारी रहा। पार्टी महासचिव और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर के साथ बैठ कर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान पार्टी दफ्तर में कांग्रेसियों का जमावड़ लगा रहा।
सूत्रों के मुताबिक श्री सिंधिया ने समीक्षा के दौरान कार्यकर्ताओं और नेताओं से फीडबैक लिया और उसको बिन्दुवार अपने रजिस्टर में नोट भी किया। उन्होने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में अभी से जुटने का आवाहन भी किया।
इससे पहले पार्टी महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने रायबरेली में समीक्षा बैठक की थी। उन्होने कहा था कि कार्यकर्ताओं ने दिल से काम नहीं किया लेकिन अब भी समय नहीं निकला है। कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव में मिली हार को भुलाकर नए सिरे से पार्टी को मजबूत करने के लिये लगना होगा। गौरतलब है कि हाल में सम्पन्न लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को केवल रायबरेली में जीत हासिल हुयी थी जबकि कांग्रेस अध्यक्ष को अमेठी में हार के साथ अपनी सीट गंवानी पड़ थी।


Download Android App
Download iOS App



