कांग्रेस न्यूनतम आय गारंटी योजना सहित अन्य कई महत्वपूर्ण वादो के साथ आज मंगलवार को 2019 के आम चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी करेगी। कांग्रेस मुख्यालय में इसके लिए भव्य तैयारी की गई है। इस कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की नेता सोनिया गांधी, हाल में पार्टी की महासचिव नियुक्त हुई प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के सभी प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे।
घोषणा पत्र में न्यूनतम आय गारंटी योजना को भी शामिल किए जाने की उम्मीद है। राहुल गांधी पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी के घोषणा पत्र में प्रत्येक गरीब परिवार को सालाना 72 हजार रुपए दिए जाने की उनकी योजना को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा इसमें अर्धसैनिक बलों को भी शहीद का दर्जा देने, मौजूदा आयकर स्लैब में बदलाव करने, रोजगार पर्यावरण, शहरीकरण जैसे मुद्दों को भी शामिल किया जा सकता है।
कांग्रेस का घोषणा पत्र वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम के नेतृत्व में गठित समिति ने तैयार किया है। इसमें आर्थिक मामलों के जानकार तथा पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत बादल तथा राजीव गोडा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव, वरिष्ठ नेता भूपेंद्रसिंह हुड्डा, जयराम रमेश, खुर्शीद आलम, सैलजा कुमारी, शशि थरूर भी शामिल हैं। पार्टी ने अपने घोषणा पत्र के लिए लोगों से सुझाव मांगे थे और इसे वेबसाइट पर डाला गया था जिस पर पार्टी को 31 हजार 875 सुझाव मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App




