चंडीगढ़, 28 सितंबर (आईएएनएस)। फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में विरोध-प्रदर्शन और हिंसा पर महासचिव शिरोमणि अकाली दल बिक्रम सिंह मजीठिया ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही आरोप लगाया कि आप नेताओं ने बदला लेने के लिए छात्रों को मोहरा बनाया है।
बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक्स पर लिखा, “गुरु-दोखी मुख्यमंत्री भगवंत मान, अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने बदला लेने के लिए एलपीयू के छात्रों को मोहरा बनाया। अशोक मित्तल भाजपा में आए तो एलपीयू बंद करवाने की घिनौनी चाल चली गई। बाहर से गुंडे लाकर आंदोलन भड़काया और हिंसक बनाया क्योंकि अशोक मित्तल ने अरविंद केजरीवाल से अपनी दिल्ली स्थित कोठी को खाली करवा लिया था और मनीष सिसोदिया के बच्चों की फीस जो भरी जा रही थी, वह बंद करवा दी गई थी।”
बिक्रम मजीठिया ने कहा, “आंदोलन भड़काने के वीडियो सबूत हैं, जिसमें दिख रहा है कि हाथों में वाकीटॉकी सेट, बैट-हथियार लिए उपद्रव किए जा रहे हैं। रात में दिल्ली वाले गुंडे कथित तौर पर पकड़े और छोड़े, ये कौन सी पुलिस है? पहले पुलिस की ढीली-ढाली नीति, फिर सख्त कार्रवाई से स्टूडेंट्स भड़के, उनकी आड़ में कथित बाहरी तत्वों से आग लगवाई-तोड़फोड़ करवाई और फिर उन्हीं छात्रों पर लाठीचार्ज- यही है तेरी कानून-व्यवस्था?”
मजीठिया ने कहा, “हजारों का रोजगार, लाखों बच्चों की पढ़ाई दांव पर, क्या इससे पंजाब में निवेश आएगा? सिर्फ अपनी निजी खुंदक निकालने के लिए ये काम किया गया। सरकारी कोठियों वाले कांड और गायत्री बिश्नोई मामले से ध्यान भटकाना ही असली मकसद था।
बता दें कि एक छात्रा से कथित दुष्कर्म की सूचना के सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल होने के बाद शनिवार देर रात लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में छात्रों ने भारी हंगामा किया।
गुस्साए छात्रों ने पहले गर्ल्स हॉस्टल के पास प्रदर्शन शुरू किया और फिर देखते ही देखते यह प्रदर्शन उग्र हो गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस के अंदर भारी तोड़फोड़ की और एक कैंपस में आग भी लगा दी। हंगामा इतना बढ़ गया कि प्रदर्शन करते हुए छात्र यूनिवर्सिटी के गेट के बाहर आ गए। गेट पर भी छात्रों ने तोड़फोड़ की और उसके बाद चंडीगढ़-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना लगा दिया। छात्रों ने हाईवे को बंद कर दिया, जिससे वहां जाम लग गया और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, रविवार शाम को भी एलपीयू में हिंसा भड़क उठी। इस दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई। इतना ही नहीं पत्थरबाजी के साथ कई पुलिस वाहनों को आग लगा दी गई।
–आईएएनएस
ओपी/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



