भोपाल 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार कर रहा है।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है।
महात्मा गांधी के स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के विचारों को आगे बढ़ाते हुए देश मेक इन इंडिया और मेड इन इंडिया के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार कर रहा है।
मुख्यमंत्री यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न से सम्मानित स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर ओल्ड विधानसभा चौराहे पर स्थित उनकी प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि यह सौभाग्य और गर्व का विषय है कि आज हम देश की आजादी के 2 महान नायकों की जयंती मना रहे हैं। महात्मा गांधी ने स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया, वहीं स्व. लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्श स्थापित किए। इन महापुरुषों के विचार आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि लंबे समय तक देश में रहे दल विशेष के शासन में अंग्रेजों की सोच और उनकी व्यवस्थाओं की विरासत को आगे बढ़ाया गया। आज प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में स्वदेशी को प्रोत्साहन देकर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने स्वदेशी के भाव से देश की नई संसद का निर्माण कराया है।
मुख्यमंत्री यादव ने भारतीय मूल के कैप्टन स्मित मच्छार की वीरता और मानवीय भावना की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि यात्री विमान में इजरायली यात्रियों की जान बचाने के लिए कैप्टन स्मित ने अपनी जान की परवाह किए बिना अदम्य साहस का परिचय दिया। उनका यह कार्य मानवता, कर्तव्य निष्ठा और साहस का सर्वश्रेष्ठ उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैप्टन स्मित ने यात्रियों की जान बचाने के साथ आतंकवादियों के नापाक मंसूबों को विफल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके इस गौरवपूर्ण साहसी कार्य से सभी भारतीयों का सिर गर्व से ऊंचा हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी देशवासियों की ओर से कैप्टन स्मित मच्छार को बधाई दी है।
–आईएएनएस
एसएनपी/एमएस
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



