पुरी, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम की जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने शनिवार को ओडिशा के पुरी स्थित अपने स्टूडियो में एक अनूठी कलाकृति बनाई। उन्होंने शानदार उपलब्धि से भारत का मान बढ़ाने के लिए टीम को बधाई दी।
मानस कुमार साहू ने अपने स्टूडियो में भारतीय महिला हॉकी टीम की गोल्ड मेडल जीत का जश्न मनाने के लिए एक खास कलाकृति बनाई है, जिसे पूरा करने में उन्हें 44 मिनट लगे। ‘बधाई हो, चैंपियंस!’ और ‘इंडियन हॉकी की क्वीन्स को सलाम!’ जैसे नारों के जरिए, उन्होंने टीम को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए मानस कुमार साहू ने कहा, “यह बहुत ही खुशी का माहौल है कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने 44 साल के बाद स्वर्ण पदक जीता है। हम सभी लोग महिला खिलाड़ियों को ढेर सारी शुभकामनाएं और बधाई देते हैं। इस अवसर पर मैंने पुरी में एक सैंड एनिमेशन बनाया है। इसको बनाने में हमें भी 44 मिनट लगे हैं।”
उन्होंने कहा, “इस सैंड एनिमेशन में हमने हॉकी टीम को दिखाया है और पूरे स्टेडियम को भरा हुआ दिखाया है। इसमें सभी टीम इंडिया को चीयर्स कर रहे हैं और अभिनंदन दे रहे हैं। हम लोग आशा करते हैं कि यह एनिमेशन सभी को बहुत पसंद आएगा।”
बता दें कि एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शुक्रवार को बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल में भारतीय टीम ने चीन को 1-0 से हराया। भारतीय महिला हॉकी टीम ने आखिरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल साल 1982 में जीता था। वहीं, 1998 में टीम ने सिल्वर और 2018 में भी फाइनल तक का सफर तय किया था।
बीते दिन टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा। गोल्ड जीतने के साथ ही भारतीय टीम ने लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक 2028 के लिए भी डायरेक्ट क्वालीफाई किया है।
–आईएएनएस
डीसीएच/
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



