ममता का PM मोदी पर निशाना- राजनीतिक फायदे के लिए एक और बेइंतहा नौटंकी

Summary :

NULL

नई दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने बुधवार को एंटी-सैटेलाइट (ए-सैट) मिसाइल क्षमता के सफल प्रदर्शन के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से की गई घोषणा को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले ‘‘राजनीतिक फायदा लेने के लिए की गई यह एक और बेइंतहा नौटंकी’’ है। इसे आदर्श आचार संहिता का घोर उल्लंघन करार देते हुए ममता ने कहा कि अपनी ‘‘एक्सपायरी डेट’’ बीत जाने के बाद सरकार द्वारा इस मिशन की घोषणा की कोई जल्दबाजी नहीं थी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि यह ‘‘यह भाजपा की डूबती नैया बचाने वाले ऑक्सीजन’’ की तरह लग रहा है। ममता ने कहा कि वह इस बाबत चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएंगी। उन्होंने कहा, ‘‘भारत का मिशन कार्यक्रम कई सालों से विश्व-स्तरीय है। हमें अपने वैज्ञानिकों, डीआरडीओ, अन्य अनुसंधान एवं अंतरिक्ष संगठनों पर हमेशा से गर्व रहा है।’’ ममता ने कहा कि अनुसंधान, अंतरिक्ष प्रबंधन और विकास एक सतत प्रक्रिया है जो वर्षों तक चलती है और ‘‘हमेशा की तरह मोदी हर चीज का श्रेय लेना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय हमारे वैज्ञानिकों एवं अनुसंधान करने वालों को दिया जाना चाहिए, क्योंकि वह इसके असल हकदार हैं। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकर को दूसरों द्वारा किए गए काम या उनकी उपलब्धियों का श्रेय लेना बंद करना चाहिए। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एसैट प्रौद्योगिकी का सफल परीक्षण कर एक और मील का पत्थर हासिल करने के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और समूचे वैज्ञानिक समुदाय को बधाई दी।

Desk Team