नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 140वें एपिसोड में देशवासियों को संबोधित किया। इस बार उन्होंने भारतीय गुड़, चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के ऊंट के दूध की खास चर्चा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सदियों पुरानी मिठास अब नए इनोवेशन के साथ दुनियाभर में अपनी पहचान बना रही है और इससे किसानों, महिलाओं और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत गुड़ से की। उन्होंने कहा, “सर्दियों की बात हो तो गुड़ की मिठास का जिक्र कैसे ना हो? सदियों से हमारे घरों में स्वाद और सेहत का खजाना गुड़ आज दुनियाभर में पहुंच रहा है। तमिलनाडु में इरोड का ऑर्गेनिक गुड़, पलमायरा जैगरी पहली बार यूरोप पहुंचा है। इसमें गुड़ के पारंपरिक स्वाद के साथ क्वालिटी भी भरी है। मन की बात में हम पहले भी शहद की मिठास और स्वीट रेवोल्यूशन की चर्चा कर चुके हैं। अब हमारे गुड़ की मिठास भी नए-नए बाजारों तक पहुंच रही है।”
इसके बाद प्रधानमंत्री ने भारत की चॉकलेट की चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत की चॉकलेट भी दुनिया में अपनी खास पहचान बना रही है। पिछले ही साल चॉकलेट और कोको से बनी चीजों का निर्यात करीब 25 प्रतिशत बढ़ा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में चॉकलेट बनाने वाले उद्यमी भी नए आइडिया के साथ आगे आ रहे हैं।
उन्होंने कहा, “आज इस क्षेत्र में हमारे कई स्टार्टअप इनोवेशन कर रहे हैं। अनेक स्टार्टअप ने स्थानीय सामग्री से नए-नए फ्लेवर तैयार किए हैं। इससे हमारे किसान, माताओं, बहनों और युवा उद्यमियों सबके लिए नए अवसर बन रहे हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि चॉकलेट और गुजरात के कच्छ के बीच भी एक अद्भुत कनेक्शन है। यह कनेक्शन है कैमल मिल्क से बनी चॉकलेट का। यहां के ऊंट पालक जो दूध उपलब्ध कराते हैं, अमूल उसका इस्तेमाल चॉकलेट, केसर फ्लेवर मिल्क और राजभोग आइसक्रीम बनाने में भी कर रहा है।
उन्होंने कैमल मिल्क से जुड़े आंकड़े भी साझा किए। उन्होंने कहा कि सरहद डेयरी में कैमल मिल्क का डेली कलेक्शन 1300 लीटर से बढ़कर 5500 लीटर तक पहुंच गया है। साल 2017-18 के मुकाबले यह चार गुना से भी ज्यादा है। अब कैमल मिल्क ऐसे पैक में भी उपलब्ध है, जिनमें यह लंबे समय तक खराब नहीं होता। इसका पाउडर भी तैयार किया जा रहा है। इससे कच्छ से दूर रहने वाले ग्राहकों तक भी इसकी पहुंच बढ़ी है।
प्रधानमंत्री ने कैमल मिल्क के स्वास्थ्य लाभों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि जानकार बताते हैं कि कैमल मिल्क के कई हेल्थ बेनिफिट्स भी हैं। जिन्हें शुगर की समस्या है, उनके लिए यह अच्छा माना जाता है। यह लैक्टोज इंटॉलरेंट लोगों के लिए भी बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसमें फैट और कोलेस्ट्रॉल भी कम होता है।
उन्होंने सूरत की एक खास चॉकलेट का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सूरत की श्मिटन चॉकलेट भी आज दुनियाभर में अपनी खास पहचान बना रही है। हमारे देश में आज स्टाइलिश चॉकलेट बुटीक का एक नया ट्रेंड भी दिख रहा है। यहां आपको चॉकलेट के साथ लग्जरी एक्सपीरियंस भी मिलता है, जिसमें भारतीयता की झलक दिखती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मिठास की हमारी सदियों पुरानी परंपरा आज नए-नए इनोवेशन के साथ आगे बढ़ रही है और इसकी मिठास हमारे किसानों और युवा उद्यमियों के जीवन में भी घुल रही है।
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



